भाजपा का पलटवार: राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ दावे फर्जी, रिजिजू बोले- थाईलैंड-कंबोडिया जाकर एटम बम की बातें करते हैं

रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में सरकारें ही जज नियुक्त करती थीं, तब भाजपा ने लोकतंत्र पर कभी सवाल नहीं उठाया। लेकिन अब राहुल गांधी विदेश जाकर देश के लोकतंत्र को बदनाम करते हैं।

  • Written By:
  • Updated On - November 5, 2025 / 02:57 PM IST

नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद और विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) द्वारा वोटर लिस्ट में धांधली के आरोपों के बाद भाजपा ने कड़ा पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को कहा कि राहुल गांधी का पूरा प्रजेंटेशन “फर्जी और भ्रामक” है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल संसद सत्र के दौरान चुपचाप थाईलैंड और कंबोडिया चले जाते हैं और वहां से लौटकर ऐसी कहानियां गढ़ते हैं।

रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी हर चुनाव से पहले लोकतंत्र को कमजोर बताने लगते हैं। उन्होंने कहा, “हम भी कई बार चुनाव हारे हैं, लेकिन कभी चुनाव आयोग को गाली नहीं दी। राहुल गांधी ध्यान भटकाने के लिए ऐसे आरोप लगा रहे हैं, जबकि बिहार में लोग SIR यानी वोटर शुद्धिकरण अभियान से खुश हैं, सिर्फ राहुल रो रहे हैं।”

केंद्रीय मंत्री ने राहुल के आरोपों पर तंज कसते हुए कहा, “वे बार-बार कहते हैं कि एटम बम फटने वाला है, लेकिन उनका बम कभी फटता क्यों नहीं?” रिजिजू ने आगे कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र की हर व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं, जबकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है। हर पोलिंग बूथ पर एजेंट, ऑब्जर्वर और कानूनी निगरानी होती है। अगर कोई गड़बड़ी है तो अदालत का रास्ता खुला है, लेकिन राहुल अदालत में नहीं जाते, सिर्फ आरोप लगाते हैं।

रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में सरकारें ही जज नियुक्त करती थीं, तब भाजपा ने लोकतंत्र पर कभी सवाल नहीं उठाया। लेकिन अब राहुल गांधी विदेश जाकर देश के लोकतंत्र को बदनाम करते हैं।

इससे पहले राहुल गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया था कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में 25 लाख वोट चोरी हुए और अब बिहार में भी वही खेल दोहराया जा रहा है। उन्होंने दावा किया था कि कई मतदाताओं के नाम सूची से काटे गए हैं और इस तरह “ऑपरेशन सरकार चोरी” चलाया जा रहा है।