दिल्ली में कांग्रेस को बड़ा झटका: 48 साल पुराने अकबर रोड दफ्तर को 28 मार्च तक खाली करने का नोटिस

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस ने पिछले साल कोटला मार्ग स्थित ‘इंदिरा भवन’ में अपना नया मुख्यालय शुरू कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद 24 अकबर रोड स्थित पुराने दफ्तर में अब तक कामकाज जारी था।

  • Written By:
  • Publish Date - March 25, 2026 / 01:34 PM IST

नई दिल्ली: कांग्रेस (Congress) पार्टी को दिल्ली (Delhi) में अपने 24 अकबर रोड स्थित मुख्यालय (headquarters) को खाली करने का नोटिस (notice) मिला है। सूत्रों के मुताबिक सरकार (government) ने पार्टी को निर्देश दिया है कि वह 28 मार्च तक यह दफ्तर खाली कर दे। यह वही ऐतिहासिक बंगला है जहां से कांग्रेस करीब 48 सालों तक अपनी राजनीतिक गतिविधियां चलाती रही है।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस ने पिछले साल कोटला मार्ग स्थित ‘इंदिरा भवन’ में अपना नया मुख्यालय शुरू कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद 24 अकबर रोड स्थित पुराने दफ्तर में अब तक कामकाज जारी था। इसी वजह से अब इसे खाली करने के लिए औपचारिक नोटिस जारी किया गया है।

इसके साथ ही कांग्रेस को एक और झटका देते हुए 5 रायसीना रोड स्थित भारतीय युवा कांग्रेस के दफ्तर को भी खाली करने का आदेश दिया गया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस पूरे मामले में कानूनी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है ताकि कुछ राहत मिल सके।

24 अकबर रोड का यह दफ्तर कांग्रेस के लिए सिर्फ एक ऑफिस नहीं बल्कि ऐतिहासिक और भावनात्मक रूप से बेहद अहम रहा है। 1970 के दशक के बाद से यह जगह पार्टी की राजनीति का केंद्र रही और कई बड़े फैसले यहीं से लिए गए।

अब इस नोटिस के बाद राजनीतिक माहौल गरमाने की संभावना है, क्योंकि यह मामला आने वाले दिनों में बड़ा राजनीतिक विवाद बन सकता है।