दिल्ली : 29 को चंदोलिया, 30 अप्रैल को बांसुरी और 1 मई को हर्ष मल्होत्रा भरेंगे नामांकन

दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party in Delhi) के उम्मीदवार सोमवार से अपना नामांकन भरना शुरू करेंगे।

  • Written By:
  • Updated On - April 28, 2024 / 04:09 PM IST

नई दिल्‍ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party in Delhi) के उम्मीदवार सोमवार से अपना नामांकन भरना शुरू करेंगे। दिल्ली में भाजपा की ओर से सबसे पहला नामांकन योगेंद्र चंदोलिया (Yogendra Chandolia) भरेंगे। वह उत्तर पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से उम्मीदवार हैं।

29 अप्रैल को योगेंद्र चंदोलिया द्वारा नामांकन भरने के उपरांत 30 अप्रैल को नई दिल्ली सीट से भाजपा प्रत्याशी बांसुरी स्वराज अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।

वहीं, 1 मई को पूर्वी दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी हर्ष मल्होत्रा अपना नामांकन पत्र भरेंगे। इस दौरान इन उम्मीदवारों के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता भी शामिल रहेंगे।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि हम दिल्ली में सातों सीटों पर फिर से जीतने जा रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे, हमें ऐसा पूरा विश्वास है।

बता दें कि दिल्ली में लोकसभा की 7 सीटें हैं। भारतीय जनता पार्टी इन सभी 7 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में गठबंधन है। इस गठबंधन के अंतर्गत आम आदमी पार्टी चार और कांग्रेस पार्टी तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

गौरतलब है कि भाजपा ने इस बार दिल्ली में छह नए चेहरे चुनाव में उतारे हैं। इनमें चांदनी चौक से व्यापारी नेता प्रवीण खंडेलवाल, नई दिल्ली से बांसुरी स्वराज, पश्चिमी दिल्ली से पूर्व मेयर कमलजीत सेहरावत, दक्षिण दिल्ली से रामवीर सिंह बिधूड़ी, उत्तर पश्चिमी दिल्ली से योगेंद्र चंदोलिया व पूर्वी दिल्ली से हर्ष मल्होत्रा उम्मीदवार हैं।

उत्तर पूर्वी दिल्ली से पार्टी ने एक बार फिर मनोज तिवारी पर भरोसा जताया है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले अरविंदर सिंह लवली और अन्य नेताओं के भाजपा ज्वाइन करने की संभावना पर वीरेंद्र सचदेवा ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि हर एक व्यक्ति जो चाहता है कि भारत सुदृढ़ हो, सशक्त हो, ऐसे किसी भी व्यक्ति का हम स्वागत करेंगे।