‘मोहब्बत हमसे, शादी मोदी से’: राज्यसभा में खड़गे का तंज, पीएम मोदी भी हंसी नहीं रोक पाए

विदाई भाषण के दौरान खड़गे ने देवेगौड़ा के साथ अपने लंबे राजनीतिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि वे उन्हें 50 साल से जानते हैं और साथ काम भी किया है।

  • Written By:
  • Publish Date - March 18, 2026 / 06:39 PM IST

नई दिल्ली: राज्यसभा में उस समय हल्का-फुल्का माहौल बन गया जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjuna Kharge) ने अपने भाषण के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा पर मजाकिया तंज कस दिया, जिसे सुनकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पूरा सदन हंस पड़ा।

विदाई भाषण के दौरान खड़गे ने देवेगौड़ा के साथ अपने लंबे राजनीतिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि वे उन्हें 50 साल से जानते हैं और साथ काम भी किया है। इसी दौरान उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि “उन्होंने हमसे मोहब्बत (love) की, हमारे साथ रहे, लेकिन शादी (marriage) मोदी जी से कर ली।” इस टिप्पणी के बाद सदन में ठहाके गूंज उठे और पीएम मोदी भी मुस्कुराते नजर आए।

खड़गे का यह बयान राजनीतिक गठबंधनों में समय-समय पर हुए बदलाव की ओर इशारा माना जा रहा है, खासकर कर्नाटक की राजनीति के संदर्भ में जहां देवेगौड़ा और उनकी पार्टी के समीकरण बदलते रहे हैं।

भाषण के दौरान खड़गे ने अन्य वरिष्ठ नेताओं के योगदान की भी सराहना की और कहा कि संसद में उनका अनुभव बेहद महत्वपूर्ण है। इस हल्के-फुल्के पल ने सदन के माहौल को कुछ देर के लिए राजनीतिक तनाव से दूर कर दिया।