राहुल गांधी के ‘गद्दार’ बयान पर BJP का हमला, नितिन नवीन बोले- भारतीय राजनीति के ‘राहु’ हैं राहुल

राहुल गांधी ने अपने भाषण में देश की आर्थिक स्थिति को लेकर भी केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में बड़ा आर्थिक तूफान आने वाला है और प्रधानमंत्री Narendra Modi उसे नहीं बचा पाएंगे

  • Written By:
  • Publish Date - May 21, 2026 / 12:22 AM IST

रायबरेली: Rahul Gandhi के ‘गद्दार’ वाले बयान पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा अध्यक्ष Nitin Nabin ने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणी उनकी अराजकतावादी मानसिकता को दिखाती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारतीय राजनीति के ‘राहु’ हैं, जो देश की राजनीति को दूषित करने का काम कर रहे हैं।

दरअसल, राहुल गांधी ने रायबरेली में बुधवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि जब RSS के कार्यकर्ता सामने आएं तो उनसे खुलकर कहिए कि आपका प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और संगठन गद्दार है। आपने हिंदुस्तान को बेचने का काम किया है।

राहुल गांधी ने अपने भाषण में देश की आर्थिक स्थिति को लेकर भी केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में बड़ा आर्थिक तूफान आने वाला है और प्रधानमंत्री Narendra Modi उसे नहीं बचा पाएंगे। राहुल ने कहा कि जैसे कोविड और नोटबंदी के समय प्रधानमंत्री टीवी पर आकर भावुक हुए थे, वैसे ही आने वाले समय में फिर हाथ जोड़कर सफाई देते नजर आएंगे।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दो दिन के दौरे पर 19 मई को रायबरेली पहुंचे थे। लोकसभा चुनाव 2024 के बाद यह उनका सातवां रायबरेली दौरा था। इससे पहले वे 19 जनवरी 2026 को यहां आए थे।

राहुल गांधी के बयान पर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं। Devendra Fadnavis ने राहुल गांधी को “रिजेक्टेड माल” बताया। वहीं केंद्रीय मंत्री Giriraj Singh ने कहा कि सत्ता नहीं मिलने की निराशा में राहुल गांधी इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल प्रधानमंत्री मोदी ही नहीं बल्कि पूरे देश का अपमान कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने रायबरेली के अलावा अमेठी में भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के इटली दौरे और इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni के साथ मुलाकात पर भी निशाना साधा। राहुल ने कहा कि देश में बिजनेस बंद हो रहे हैं और प्रधानमंत्री मेलोनी को टॉफी खिलाकर रील बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आर्थिक मोर्चे पर विफल रही है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोला। उन्होंने लिखा कि देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी परेशान हैं, लेकिन प्रधानमंत्री विदेश दौरे और प्रचार में व्यस्त हैं।

इस बयानबाजी के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है। आने वाले चुनावों को देखते हुए दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है।