भारत के हक का पानी अब भारत में ही बहेगा: पाकिस्तान पर ‘वॉटर स्ट्राइक’ का ऐलान
By : dineshakula, Last Updated : May 6, 2025 | 11:52 pm

नई दिल्ली: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ एक सख्त कदम उठाते हुए सिंधु जल संधि पर कार्यवाही को स्थगित कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अब भारत के अधिकार का पानी भारत में ही रहेगा और देश के विकास के लिए उपयोग में लाया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने ABP नेटवर्क के एक कार्यक्रम में कहा, “इन दिनों मीडिया में पानी को लेकर बहुत चर्चा हो रही है… पहले भारत के अधिकार वाला पानी भी देश से बाहर बह जाता था। अब भारत का पानी भारत के फायदे के लिए बहेगा, भारत के लाभ के लिए इसे संरक्षित किया जाएगा और भारत की प्रगति के लिए इसका उपयोग किया जाएगा।”
भारत ने बगलिहार बांध से पाकिस्तान की ओर जाने वाले जल प्रवाह को रोक दिया है, जिससे पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है। यह कदम “वॉटर स्ट्राइक” के रूप में देखा जा रहा है — एक ऐसा रणनीतिक निर्णय जो पाकिस्तान पर बिना युद्ध के दबाव बनाने की दिशा में बड़ा संकेत है।
प्रधानमंत्री ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि सिंधु जल समझौते पर रोक लगाने का निर्णय वापस नहीं लिया जाएगा। यह अब भारत की जल-नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा का एक अहम हिस्सा बन चुका है।