रायपुर। शांति सरोवर में आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (Chief Minister Vishnu Dev Sai) ब्रह्मभोजन के लिए ब्रह्मकुमारी बहनों के अतिथि बने। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हर साल बड़े स्नेह से ब्रह्मकुमारी बहनें विधानसभा के सभी सदस्यों को ब्रह्म भोजन कराती हैं। यह बड़ी सुंदर परंपरा है। बहनों के स्नेह से हम अभिभूत हैं। राजधानी रायपुर के सड्डू स्थित प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय (Prajapita Brahmakumari Ishwariya Vishwavidyalaya), शांति सरोवर द्वारा आयोजित स्नेह मिलन एवं ब्रह्मा भोजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित कैबिनेट मंत्रीगण और सभी विधायकगणों ने पवित्र ब्रह्म भोजन का आनंद लिया।
कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों ने मुख्यमंत्री सहित विधानसभा के सभी सदस्यों को ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय माउंट आबू आने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री साय ने इस निमंत्रण को स्वीकार करते हुए वहां आने की सहमति दी।
विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने कहा कि शांति सरोवर आने से शांति की अनुभूति होती है। मन में स्वतः ही अच्छे विचार आते है। उन्होंने कहा कि विधानसभा आते जाते समय जैसे ही यहां से गुजरते हैं, मन पवित्र हो जाता है। डॉ सिंह ने शांति सरोवर आमंत्रित करने और पवित्र भोजन के लिए दीदियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण सिंहदेव, धरमलाल कौशिक सहित विधायक गण, गणमान्य नागरिक शामिल हुए और ब्रह्म भोजन ग्रहण किया।
यह भी पढ़ें : निर्विरोध चुने जा सकते हैं ‘राज्यसभा सदस्य’ राजा देवेंद्र प्रताप सिंह!