Raipur : सेंट्रल जेल में ‘कलेक्टर-SP’ की छापेमारी! मिले मादक पदार्थ …पेन ड्राइव

By : hashtagu, Last Updated : February 13, 2024 | 7:47 pm

रायपुर। सेंट्रल जेल (Central Jail) में आज कलेक्टर और एसपी ने छापेमारी की। इस दौरान मादक पदार्थ और खाली पेन ड्राइव मिले हैं। सूचना है कि इस दौरान जेल की बैरकों में हड़कंप मचा हुआ था। जांच के दौरान तंबाकू और गुटखे (Tobacco and gutkha) बरामद किए गए। वहीं महिला जेल से खाली पेन ड्राइव भी मिलने की खबर है। बहरहाल, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि क्या-क्या सामग्रियां पाई गई हैं।

जानकारी के अनुसार कलेक्टर गौरव कुमार सिंह, एसपी संतोष कुमार सिंह लगभग 70 जवानों के साथ दाखिल हुए। उनके साथ नए जेल DG राजेश मिश्रा भी थे। जेल के महिला एवं पुरुष सेल में तलाशी का अभियान लगभग चाय बजे तक चलता रहा, मगर प्रशासन के हाथ कुछ खास नहीं लग सका। इस छापे के दौरान महिला जेल में 3 खाली पेन ड्राइव मिले। महिला जेल में भजन अदि के संग्रहण के लिए पेन ड्राइव रखा गया था। महिला जेल की अधीक्षक मधु सिंह है। जांच कर रही टीम ने पेन ड्राइव को जब्त कर लिया।

  • नशे के सामान का चलता है गोरखधंधा

छापामार दल को तलाशी के दौरान बैरकों में छिपाये गए गुटखे और तम्बाखू के पैकेट मिले। इससे खुलासा होता है कि लाख कोशिश कर लें, जेलों में नशे का सामान मुहैया करने से कोई रोक नहीं सकता। ऐसा ही कुछ प्रदेश के सबसे बड़े जेल में देखने को मिला। बता दें कि कुछ समय पूर्व ही प्रदेश के नव नियुक्त गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी हाल ही में सेंट्रल जेल का दौरा किया था। बावजूद इसके जेल में नशे का सामान मिलना गंभीर बात है। बताया जाता है कि जेल के चंद स्टाफ पैसे लेकर यह सामान जेल के अंदर पहुंचाते हैं।

  • अनेक VIP बंद हैं जेल में

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के शासनकाल में ED द्वारा उजागर किये गए घोटालों में कुछ IAS अफसर और व्यवसायी जेल की हवा खा रहे हैं, जिन्हें VIP सुविधाएं देने की खबरें प्रकाश में आती रही हैं, मगर सत्ता के परिवर्तन के साथ ही इन सुविधाओं को बंद करने का दावा अधिकारी कर रहे हैं। बहरहाल, राजधानी की जेल में की गई इस छापेमारी के बाद प्रदेश भर की जेलों के अधिकारी और स्टाफ सतर्क हो गए हैं। अपने स्तर पर जेलों को दुरुस्त करने का प्रयास शुरू कर दिया है।

यह भी पढ़ें : Inside story : जनता की सरकार’-जनता के लिए’ तर्ज पर BJP ने खोला सहायता केंद्र! छत्तीसगढ़ में पहली बार