सतीश मराठे ने कहा-लगातार मजबूत हो रही भारत की अर्थव्यवस्था

By : hashtagu, Last Updated : June 20, 2023 | 5:43 pm

रायपुर। भारत की अर्थव्यवस्था पिछले नौ सालों से लगातार मजबूत हो रही है। आश्चर्य नहीं कि अगले दो-तीन सालों में जापान और जर्मनी की अर्थव्यवस्था को पीछे छोड़ते हुए भारतीय अर्थव्यवस्था विश्व में तीसरे नंबर पर आ जाए। भारतीय रिजर्व बैंक के सेंट्रल बोर्ड आॅफ डायरेक्टर सतीश काशीनाथ मराठे (Satish Kashinath Marathe) ने इस आशय के विचार सोमवार को महाराष्ट्र मंडल (Mahaaraashtr Mandal) में विशेष भेंट के दौरान व्यक्त किए।

महाराष्ट्र मंडल के नवनिर्मित भवन को सराहा भारतीय रिजर्व बैंक के सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्टर ने, शाल- श्रीफल से किए गए सम्मानित

मुंबई से यहां पधारे मराठे ने कहा कि जीएसटी और नोटबंदी जैसे सख्त कदम उठाने का निर्णय भी भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लिया गया था। उन्होंने कहा कि बाहर केंद्र सरकार और रिजर्व बैंक के आपसी संबंधों को लेकर चाहे जितनी भी बातें कहीं जाएं, लेकिन सच यह है कि केंद्र व रिजर्व बैंक आपसी सामंजस्य के साथ भारत की अर्थव्यवस्था को लगातार मजबूत बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार है जब भारत की जीडीपी में 20 प्रतिशत भागीदारी कृषि की है। उन्होंने कहा कि पहले कपड़े लटकाने के हैंगर से लेकर अगरबत्ती की काड़ी तक आयात की जाती थी। जबकि अब हम लगातार ऐसे मामलों में आत्मनिर्भर हुए हैं। फार्मेसी के क्षेत्र में भी हमारी आत्मनिर्भरता बढ़ी है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह हुआ कि भारत में विदेशी मुद्रा का भंडार लगातार बढ़ रहा है।

मराठे ने एक सवाल के जवाब में कहा रेवड़ी बांटने की राजनीति पार्टियों को सरकार बनाने के बाद संवैधानिक रूप से मिली हुई है। हमें जितना दिखाई देता है, उतनी रेवड़ियां बंटती नहीं है क्योंकि इसके नियम व शर्तें बाद में सामने आते हैं। उन्होंने रेवड़ी बांटने को लेकर दिल्ली की आप सरकार से लेकर कर्नाटक की कांग्रेस सरकार का उदाहरण दिया।

इस मौके पर कार्यकारिणी सदस्य भगीरथ कालेले ने मुख्य अतिथि मराठे का परिचय दिया। महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले, उपाध्यक्ष श्याम सुंदर खंगन व सचिव चेतन दंडवते ने उनका शाल- श्रीफल व स्मृति चिह्न से सम्मान किया। आभार प्रदर्शन महाराष्ट्र नाट्य मंडल के निर्देशक अनिल कालेले की ओर से किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में महाराष्ट्र मंडल के पदाधिकारी, सदस्य सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

कौन है सतीश मराठे

सतीश काशीनाथ मराठे भारतीय रिजर्व बैंक के सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्टर हैं। उन्होंने कॉमर्स एवं लाॅ की बैचलर डिग्री बॉम्बे यूनिवर्सिटी से ली। साथ ही उन्होंने पत्रकारिता का डिप्लोमा भी किया। मुंबई निवासी मराठे ने अपने करियर की शुरुआत बैंक ऑफ इंडिया से की। वे 2002 से 2006 तक यूनाइटेड वेस्टर्न बैंक के चेयरमैन और सीईओ की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

यह भी पढ़ें : बीजेपी 5 राज्यों में लोकल मुद्दों पर लड़ेगी चुनाव! छत्तीसगढ़ में भी CM का कोई चेहरा नहीं