Ambikapur: कुएं में गिरा नन्हा हाथी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, ग्रामीणों की दुआओं में फंसी मासूम जान

वन विभाग की टीम अभी भी लगातार प्रयासरत है। सभी अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही नन्हें जंबो को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा।

  • Written By:
  • Publish Date - September 22, 2025 / 03:20 PM IST

अंबिकापुर, सरगुजा जिला, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर (Ambikapur) जिले से एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां बीती रात एक नन्हा हाथी कुएं में गिर गया। यह घटना सरगुजा जिले के सीतापुर वन परिक्षेत्र के ग्राम सरगा की है। यहां जंगल के पास सक्रिय जंगली हाथियों के झुंड से बिछड़कर एक हाथी का बच्चा भटकते हुए कुएं में गिर पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। लेकिन कई घंटों की कोशिशों के बावजूद नन्हे हाथी को कुएं से बाहर निकालने में सफलता नहीं मिल पाई है।

बताया गया है कि हाथी के गिरते ही उसकी चिंघाड़ सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मासूम हाथी कुएं से बाहर निकलने की कोशिश करता रहा, लेकिन फिसलन और गहराई के कारण वह और अंदर फंस गया। दर्द से छटपटाता हुआ हाथी लगातार मदद की गुहार लगाता रहा।

मौके पर वन विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है और सुरक्षात्मक उपाय अपनाए गए हैं। घटनास्थल पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जुटे हैं, जो मासूम हाथी की सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं। कुएं की गहराई और संरचना को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन काफी जटिल हो गया है।

वन विभाग की टीम अभी भी लगातार प्रयासरत है। सभी अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही नन्हें जंबो को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा।

यह घटना ना केवल वन्यजीव संरक्षण पर एक बार फिर सवाल खड़े करती है, बल्कि ग्रामीणों और वन विभाग के समन्वय से चल रहे इस रेस्क्यू अभियान में जानवरों के प्रति मानवीय संवेदनाओं की मिसाल भी पेश करती है।