“संजू भाई हमेशा साथ खड़े रहते हैं…” टी20 वर्ल्ड कप के बाद अभिषेक शर्मा ने किया बड़ा खुलासा

अभिषेक शर्मा ने एक बातचीत में कहा कि संजू सैमसन बेहद शांत और समझदार खिलाड़ी हैं।

  • Written By:
  • Publish Date - March 15, 2026 / 12:29 PM IST

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) जीत के बाद भारतीय टीम (Team India) के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) ने अपने साथी खिलाड़ी संजू सैमसन (Sanju Samson) की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि संजू हमेशा टीम के खिलाड़ियों के साथ खड़े रहने वाले और बेहद सहयोगी खिलाड़ी हैं, जिनके साथ बल्लेबाजी करना आसान हो जाता है।

अभिषेक शर्मा ने एक बातचीत में कहा कि संजू सैमसन बेहद शांत और समझदार खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा कि “संजू भाई हमेशा बहुत सुलझे हुए, प्यार करने वाले और ख्याल रखने वाले इंसान रहे हैं। टीम में ऐसे खिलाड़ी हों तो आपको लगता है कि कोई आपके पीछे मजबूती से खड़ा है।”

उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के दौरान शुरुआत उनके लिए आसान नहीं रही थी। शुरुआती मैचों में प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन उनका लक्ष्य सिर्फ एक था कि टीम इंडिया के लिए आईसीसी ट्रॉफी जीतनी है। उनके अनुसार टीम की सफलता ही सबसे बड़ी उपलब्धि है और वह भविष्य में भी कई ट्रॉफी जीतना चाहते हैं।

दरअसल टी20 वर्ल्ड कप के बीच में टीम संयोजन में बदलाव के बाद संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में मौका मिला और इसके बाद भारतीय टीम की किस्मत बदल गई। उन्होंने कई अहम मुकाबलों में शानदार पारियां खेलीं, जिसमें वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर‑8 मैच, इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल और न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में महत्वपूर्ण अर्धशतक शामिल रहे।

गौरतलब है कि 2026 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली और कुल तीन बार चैंपियन बनने वाली पहली टीम बन गई।

अभिषेक शर्मा का मानना है कि संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी टीम के माहौल को सकारात्मक बनाती है और यही वजह है कि भारतीय टीम बड़े टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है।