शुभमन गिल का ऐतिहासिक कारनामा, भारत ने टेस्ट में बनाए 1014 रन

By : hashtagu, Last Updated : July 6, 2025 | 10:35 am

Birmingham Test: बर्मिंघम टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम और शुभमन गिल ने इतिहास रच दिया है। भारत ने पहली बार किसी टेस्ट मैच में 1000 से अधिक रन बनाए और इंग्लैंड को जीत के लिए 608 रन का टारगेट दे दिया। इस मैच के नायक बने कप्तान शुभमन गिल, जिन्होंने दो पारियों में मिलाकर 430 रन बनाए और एक टेस्ट में ऐसा करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने।

शुभमन ने पहली पारी में 269 और दूसरी में 161 रनों की पारी खेली। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ वे एक टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं, उन्होंने विराट कोहली का 293 रन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। साथ ही, वे भारत की ओर से एक टेस्ट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए, उन्होंने सुनील गावस्कर के 344 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।

गिल अब दुनिया में एक टेस्ट में 400+ रन बनाने वाले पांचवें खिलाड़ी बन चुके हैं। उनसे आगे सिर्फ इंग्लैंड के ग्राहम गूच हैं, जिन्होंने 1990 में भारत के खिलाफ ही 456 रन बनाए थे। इसके अलावा, शुभमन गिल इंग्लैंड में एक टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस टेस्ट में कुल 11 छक्के जड़े, जिसमें से 8 दूसरी पारी में आए।

वहीं, ऋषभ पंत ने भी खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने इस टेस्ट में 3 छक्कों के साथ इंग्लैंड में अपने कुल छक्कों की संख्या 24 कर ली और किसी भी विदेशी देश में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने बेन स्टोक्स को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम साउथ अफ्रीका में 21 छक्के हैं। पंत ने इस पारी में 65 रन बनाए और SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) में अपने 2000 टेस्ट रन पूरे किए। ऐसा करने वाले वे एशिया के पहले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं।

टीम इंडिया की ओर से यह मुकाबला कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। भारत ने पहली पारी में 587 और दूसरी में 427 रन बनाए, जिससे कुल स्कोर 1014 हो गया। यह भारतीय टेस्ट इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा संयुक्त स्कोर है। इससे पहले भारत ने 2003 के सिडनी टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 916 रन बनाए थे।

बर्मिंघम टेस्ट न सिर्फ एक मैच था, बल्कि कई कीर्तिमानों का साक्षी बना। शुभमन गिल के बल्ले से निकली आतिशी पारियां और टीम इंडिया की जबरदस्त बल्लेबाज़ी इसे लंबे समय तक यादगार बनाएगी।