IND vs PAK T20 World Cup: भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराया

By : ira saxena, Last Updated : February 15, 2026 | 10:21 pm

कोलंबो, श्रीलंका: टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराते हुए सुपर 8 (Super 8) में एंट्री कर ली। कोलंबो के मैदान पर 176 रन के लक्ष्य (target) का पीछा कर रही पाकिस्तानी टीम 18 ओवर में ही ऑलआउट (all out) हो गई। यह टी-20 वर्ल्ड कप मुकाबलों में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की 8-1 की बढ़त (lead) है।

पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही।  अक्षर पटेल ने बाबर आजम (5 रन) और उस्मान खान (44 रन) को आउट किया। जसप्रीत बुमराह ने सलमान अली आगा (6 रन) और सईम अयूब (6 रन) को पवेलियन भेजा। कुलदीप यादव ने मोहम्मद नवाज (4 रन) का विकेट लिया। तिलक वर्मा ने अपनी पहली गेंद पर शादाब खान (14 रन) को शिवम दुबे के हाथों कैच कराया। हार्दिक पंड्या ने उस्मान खान को बोल्ड किया।

16वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने लगातार गेंदों पर अबरार अहमद (0) और फहीम अशरफ (10 रन) को आउट कर पाकिस्तान की उम्मीदें खत्म कर दीं। वे हैट्रिक पर थे।

इससे पहले पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। टॉस के दौरान दोनों टीमों के कप्तानों ने हाथ नहीं मिलाया। पिछले साल एशिया कप में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में पाकिस्तान टीम से हाथ नहीं मिलाया था।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। स्पिन फ्रेंडली ट्रैक पर भारत ने पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा का विकेट गंवा दिया। इसके बाद ईशान किशन ने पारी संभाली। उन्होंने 27 गेंदों में फिफ्टी लगाई और 40 गेंदों में 10 चौके व 3 छक्कों की मदद से 77 रन बनाए। उनकी तूफानी बल्लेबाजी के दौरान लग रहा था कि भारत 200 रन पार कर जाएगा।

सूर्यकुमार यादव ने 32 रन, तिलक वर्मा ने 25 रन और शिवम दुबे ने 27 रन का योगदान दिया। पाकिस्तान की ओर से सैम अयूब ने 3 विकेट लिए।

मैच से पहले ‘धुरंधर’ फिल्म के रैपर हनुमानकाइंड ने परफॉर्मेंस दी। स्टेडियम दर्शकों से भरा रहा और आसमान में बादल छाए रहे, हालांकि बारिश नहीं हुई।

पाकिस्तान की प्लेइंग-11: साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, उस्मान तारिक और अबरार अहमद।

भारत की प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह।