IND vs PAK: भारत की जीत से रायपुर में जश्न, जयस्तंभ चौक पर उड़ा गुलाल; टीम इंडिया सुपर-8 में
By : dineshakula, Last Updated : February 15, 2026 | 10:26 pm
By : dineshakula, Last Updated : February 15, 2026 | 10:26 pm
रायपुर: टी-20 वर्ल्डकप के सबसे बड़े मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की और सुपर-8 (Super 8) के लिए क्वालिफाई कर लिया। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस हाईवोल्टेज मैच में पाकिस्तान की पूरी टीम 114 रन पर सिमट गई। 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर हार्दिक पंड्या ने उस्मान तारीक को बोल्ड कर मुकाबला खत्म किया।
भारत की जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी लोगों ने जमकर खुशियां मनाईं। जयस्तंभ चौक पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए। होली से पहले ही लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया और आतिशबाजी कर टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया। युवाओं ने तिरंगा लहराया और भारत माता के जयकारे लगाए।
मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और ओपनर अभिषेक शर्मा शून्य पर आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन ने पारी संभाली और तेज रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में पाकिस्तानी टीम दबाव में आ गई और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही।
टॉस के दौरान दोनों टीमों के कप्तानों ने आपस में हाथ नहीं मिलाया। पिछले साल एशिया कप में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में पाकिस्तान टीम से हाथ नहीं मिलाया था।
भारत की इस जीत ने होली से पहले देशवासियों को जश्न मनाने का बड़ा मौका दे दिया। रायपुर समेत कई शहरों में देर रात तक पटाखे फूटते रहे और सड़कों पर उत्साह का माहौल बना रहा।