टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर रचा इतिहास, तीसरी बार बना विश्व चैंपियन

भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। जसप्रीत बुमराह भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में केवल 15 रन देकर चार विकेट झटके।

  • Written By:
  • Publish Date - March 8, 2026 / 11:48 PM IST

अहमदाबाद, गुजरात: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप (ICC T20 World Cup) 2026 के फाइनल में भारतीय टीम (Team India) ने न्यूजीलैंड (New Zealand) को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 8 मार्च को खेले गए मुकाबले में भारत ने जीत के साथ टी20 वर्ल्ड कप का खिताब तीसरी बार अपने नाम किया और ऐसा करने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई।

256 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर ही फिन एलन 9 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कीवी टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही। इस दौरान टिम साइफर्ट ने एक छोर संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिलने के कारण उनकी पारी भी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। साइफर्ट ने 26 गेंदों में 200.00 की स्ट्राइक रेट से 52 रन बनाए और टीम के पांचवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए।

न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान मिचेल सैंटनर ने भी संघर्ष किया। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 35 गेंदों में 122.85 की स्ट्राइक रेट से 43 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से तीन चौके और दो छक्के निकले, लेकिन टीम को जीत दिलाने के लिए यह पारी काफी नहीं रही। आखिरकार पूरी कीवी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई।

भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। जसप्रीत बुमराह भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में केवल 15 रन देकर चार विकेट झटके। उनके अलावा अक्षर पटेल ने तीन विकेट लिए, जबकि हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा को एक-एक सफलता मिली।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। टीम के लिए संजू सैमसन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 46 गेंदों में 193.47 की स्ट्राइक रेट से 89 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें पांच चौके और आठ छक्के शामिल रहे।

भारत की इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने एक बार फिर टी20 क्रिकेट में अपनी बादशाहत साबित करते हुए विश्व क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया।