भारत का पहला मैच आज अमेरिका से, रोहित-कोहली के बिना पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप खेलेगी टीम इंडिया; नेत्रवलकर बनेंगे बड़ी चुनौती

दूसरी ओर अमेरिका ने पिछले साल ओमान के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज खेली थी, जिसमें उसे जीत मिली थी।

  • Written By:
  • Publish Date - February 7, 2026 / 01:06 PM IST

T20 World Cup: आज से टी-20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) की शुरुआत हो रही है और डिफेंडिंग चैंपियन (Defending Champion) टीम इंडिया अपने अभियान का आगाज अमेरिका (USA) के खिलाफ करेगी। यह पहला मौका होगा जब भारत टी-20 वर्ल्ड कप रोहित शर्मा और विराट कोहली (Virat Kohli) के बिना खेलेगा। टीम की कमान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) के हाथों में है।

भारत के सामने पहली चुनौती अमेरिका की है, जिसने पिछले टी-20 वर्ल्ड कप में रोहित और कोहली की मौजूदगी वाली भारतीय टीम को कड़ी टक्कर दी थी। अमेरिकी टीम में केवल 4 खिलाड़ी अमेरिका में जन्मे हैं, जबकि 11 खिलाड़ी अन्य देशों से आकर यहां खेले जा रहे हैं।

न्यूयॉर्क के नसाउ काउंटी क्रिकेट स्टेडियम (Nassau County Cricket Stadium) की पिच पर अमेरिका के लेफ्टी पेसर सौरभ नेत्रवलकर (Saurabh Netravalkar) भारतीय बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं। पिछले वर्ल्ड कप में उन्होंने पावरप्ले के अंदर रोहित शर्मा और विराट कोहली को पवेलियन भेज दिया था।

वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। भारत ने इसके बाद कोई भी टी-20 सीरीज नहीं गंवाई है। टीम इंडिया ने 8 अलग-अलग टीमों के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज खेली, जिनमें से 4 सीरीज विदेशी सरजमीं पर हुईं। कुल 34 मैचों में भारत ने 25 में जीत दर्ज की, 6 में हार मिली, 1 मैच टाई रहा और 2 मुकाबले नो रिजल्ट रहे।

हालिया फॉर्म की बात करें तो भारतीय टीम का कोई मुकाबला नहीं है। महज 16 दिन पहले रायपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 209 रन का लक्ष्य भारत ने सिर्फ 15.2 ओवर में हासिल कर लिया था।

दूसरी ओर अमेरिका ने पिछले साल ओमान के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज खेली थी, जिसमें उसे जीत मिली थी। वर्ल्ड कप की मेजबानी के बाद अमेरिका ने नेपाल के खिलाफ भी 3 मैचों की सीरीज खेली, जिसमें उसे 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। अमेरिका ने कुल 6 मैचों में 3 जीत हासिल की, 2 में हार और 1 मैच टाई रहा।

भारत और अमेरिका के बीच अब तक केवल एक टी-20 मुकाबला खेला गया है और उसमें भारत का जीत रिकॉर्ड 100 प्रतिशत है। यह मैच पिछले टी-20 वर्ल्ड कप में खेला गया था, जहां अमेरिका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 110 रन बनाए थे। भारत ने यह लक्ष्य 18.2 ओवर में 7 विकेट से हासिल किया था। उस मैच में भी सौरभ नेत्रवलकर ने रोहित और कोहली को आउट किया था।

टीम इंडिया की सबसे बड़ी ताकत उसका विस्फोटक बल्लेबाजी क्रम है। ओपनिंग और टॉप ऑर्डर में अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव मौजूद हैं। मिडिल ऑर्डर में हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ी किसी भी वक्त मैच का रुख बदल सकते हैं।

गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के साथ वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव जैसे मिस्ट्री स्पिनर (Mystery Spinners) हैं, जबकि मोहम्मद सिराज आक्रमण को मजबूती देते हैं।

हालांकि भारत की कमजोरी की बात करें तो मैच से ठीक पहले हर्षित राणा चोटिल होकर बाहर हो गए हैं, जिससे टीम की बल्लेबाजी की गहराई प्रभावित हुई है। साथ ही हाल की सीरीज में स्पिन गेंदबाजों के सामने भारतीय बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट पेसर्स की तुलना में कम रहा है, जिसका फायदा अमेरिका उठाने की कोशिश करेगा।

टॉप परफॉर्मर्स की बात करें तो 2024 के बाद से अभिषेक शर्मा भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 38 मैचों में 194.74 के स्ट्राइक रेट से 1297 रन बनाए हैं। वहीं अर्शदीप सिंह 34 मैचों में 59 विकेट लेकर भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं।