न्यू चंडीगढ़: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी पांचवीं जीत दर्ज की और पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया। टीम ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रन से हराया।
मुल्लांपुर स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 7 विकेट खोकर 254 रन बनाए, जो इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में लखनऊ की टीम 5 विकेट पर 200 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई।
इस मैच में प्रियांश आर्या ने 93 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कूपर कोनोली ने 87 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 80 गेंदों में 182 रन की बड़ी साझेदारी की, जिसने मैच का रुख तय कर दिया।
पंजाब की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 3 रन के स्कोर पर प्रभसिमरन सिंह का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद प्रियांश और कोनोली ने पारी को संभालते हुए शतकीय साझेदारी की। अंत में नेहल वाधेरा (13 रन), शशांक सिंह (17 रन) और मार्कस स्टोइनिस (29 रन) ने तेज पारियां खेलकर टीम को 254 रन तक पहुंचाया।
लखनऊ की ओर से एम सिद्धार्थ ने 2 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद शमी, मोहसिन खान और प्रिंस यादव को एक-एक सफलता मिली।
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है और टीम अब खिताब की प्रबल दावेदार के रूप में उभर रही है।