आयरलैंड ने रचा इतिहास, पहली बार टी20 सीरीज में भारत को हराया; 1 रन से जीता दूसरा मुकाबला

इस मुकाबले में युवा खिलाड़ी सूर्यांश शेडगे और प्रिंस यादव ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया, जबकि वैभव सूर्यवंशी को लगातार दूसरे मैच में भी अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली।

  • Written By:
  • Publish Date - June 28, 2026 / 10:29 PM IST

बेलफास्ट (उत्तरी आयरलैंड)। आयरलैंड (Ireland) ने इतिहास (History) रचते हुए पहली बार भारत (India) को टी20 सीरीज (T20 Series) में हरा दिया। बेलफास्ट (Belfast) में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में मेजबान टीम ने भारत को रोमांचक मुकाबले में 1 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। इसके साथ ही भारतीय टीम को करीब तीन साल बाद किसी द्विपक्षीय टी20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले साल 2023 में वेस्टइंडीज ने भारत को 3-2 से टी20 सीरीज में हराया था।

भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इस मुकाबले में युवा खिलाड़ी सूर्यांश शेडगे और प्रिंस यादव ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया, जबकि वैभव सूर्यवंशी को लगातार दूसरे मैच में भी अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली।

पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की पारी को हैरी टेक्टर और बेन कैलिट्ज की शानदार बल्लेबाजी ने संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। भारतीय गेंदबाजों में पदार्पण कर रहे प्रिंस यादव सबसे सफल रहे। उन्होंने अपने पहले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 3 विकेट लेकर प्रभावित किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को अंत तक जीत के लिए संघर्ष करना पड़ा। हालांकि आखिरी ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया लक्ष्य से सिर्फ 1 रन दूर रह गई। आयरलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम किया और पहली बार भारत के खिलाफ टी20 सीरीज जीतने का रिकॉर्ड बना दिया।

इस हार के साथ भारत का टी20 सीरीज जीत का सिलसिला भी टूट गया। युवा खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम निर्णायक मौकों पर मैच खत्म नहीं कर सकी, जबकि आयरलैंड ने दबाव में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

प्लेइंग-11

भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, सूर्यांश शेडगे, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव।

आयरलैंड: टिम टेक्टर, रॉस अडायर, हैरी टेक्टर, लॉर्कन टकर (कप्तान एवं विकेटकीपर), बेन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मैथ्यू हम्फ्रीज, मैट हॉलार्ड, लियाम मैकार्थी और जय मूंदड़ा।