नई दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) 2026 में नामीबिया (Namibia) के खिलाफ गुरुवार को होने वाले मुकाबले से पहले टीम इंडिया (Team India) की चिंाएं बढ़ गई हैं। बुधवार शाम आयोजित प्रैक्टिस सेशन (practice session) के दौरान ओपनर ईशान किशन को चोट लग गई, जबकि दूसरे ओपनर अभिषेक शर्मा पहले से ही पेट के संक्रमण (stomach infection) से जूझ रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अभ्यास के दौरान तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की एक यॉर्कर ईशान किशन के बाएं पैर के अंगूठे पर जा लगी। गेंद लगते ही ईशान दर्द से कराहते हुए जमीन पर लेट गए। टीम के फिजियो ने तुरंत उनकी जांच की, जिसके बाद वह लंगड़ाते हुए नेट्स से बाहर चले गए। कुछ देर बाद उन्होंने दोबारा बल्लेबाजी की कोशिश की, लेकिन उनका सत्र ज्यादा देर तक नहीं चल सका। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनकी चोट को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक अपडेट जारी नहीं किया है।
उधर, टीम की परेशानी इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि ओपनर अभिषेक शर्मा पेट के संक्रमण के कारण दो दिनों तक दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती रहे। बुधवार को उन्हें छुट्टी मिली, लेकिन नामीबिया के खिलाफ उनके खेलने की संभावना कम मानी जा रही है।
Injury scare for Ishan Kishan as he cops a blow to his toe from a yorker by Jasprit Bumrah. pic.twitter.com/qsYoWE4ONq
— RevSportz Global (@RevSportzGlobal) February 11, 2026
प्रैक्टिस के बाद युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने कहा कि अभिषेक की फिटनेस पर अंतिम फैसला मैच से पहले लिया जाएगा। अगर वे उपलब्ध नहीं होते हैं तो विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को मौका मिल सकता है। संजू ने बुधवार को नेट्स में करीब 30 मिनट तक तेज गेंदबाजों का सामना किया। शुरुआत में वह थोड़ा सतर्क दिखे, लेकिन बाद में उनकी टाइमिंग बेहतर होती गई। स्पिन के खिलाफ उनका आत्मविश्वास मजबूत नजर आया, जो नामीबिया के लेफ्ट आर्म स्पिनर बर्नार्ड शोल्ट्ज के खिलाफ अहम साबित हो सकता है।
पिछले कुछ हफ्तों में संजू सैमसन की स्थिति में बदलाव आया है। मुंबई में खेले गए पहले वर्ल्ड कप मैच में उन्हें ओपनर के रूप में मौका नहीं मिला था। इस पर कोचिंग स्टाफ के सदस्य टेन डेशकाटे ने कहा कि टीम चयन में पारदर्शिता और ईमानदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में ईशान के प्रदर्शन को देखते हुए पहले मैच का चयन स्पष्ट था। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि टूर्नामेंट लंबा है और सभी 15 खिलाड़ी टीम के लिए अहम हैं।
इस बीच जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर सकारात्मक संकेत मिले हैं। तिलक वर्मा ने बताया कि बुमराह अब पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं और पूरी तरह फिट होने की दिशा में हैं। मैच से पहले एक दिन का समय बाकी है और टीम मैनेजमेंट उनकी स्थिति पर अंतिम फैसला करेगा। उम्मीद जताई जा रही है कि वह नामीबिया के खिलाफ उपलब्ध रहेंगे। बुमराह ने प्रैक्टिस के दौरान गेंदबाजी के साथ-साथ कैचिंग ड्रिल में भी हिस्सा लिया।
टीम मैनेजमेंट नामीबिया के खिलाफ इस मुकाबले को रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मैच से पहले अहम तैयारी के रूप में देख रहा है। ऐसे में खिलाड़ियों की फिटनेस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।