रोहित ने तोड़ा अफरीदी का छक्कों वाला रिकॉर्ड शाहिद बोले मुझे पता था ये लड़का बहुत आगे जाएगा
By : hashtagu, Last Updated : December 9, 2025 | 12:50 pm
Rohit Record: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रायपुर में दूसरे वनडे के दौरान रोहित शर्मा ने इतिहास रच दिया। उन्होंने वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाला वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी के नाम था, जिन्होंने 398 मैचों में 351 छक्के लगाए थे। रोहित अब 279 मैचों में 355 छक्कों के साथ शीर्ष पर पहुंच गए हैं।
रोहित द्वारा रिकॉर्ड तोड़ने के बाद शाहिद अफरीदी ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। अफरीदी ने रोहित को बधाई देते हुए कहा कि रिकॉर्ड टूटने के लिए ही बनते हैं और उन्हें खुशी है कि यह रिकॉर्ड एक ऐसे खिलाड़ी ने तोड़ा जिसे वे शुरुआत से पसंद करते थे। अफरीदी ने कहा कि मेरा सबसे तेज शतक वाला रिकॉर्ड भी 18 साल बाद टूटा था। क्रिकेट में खिलाड़ी रिकॉर्ड बनाते हैं और अगली पीढ़ी उन्हें तोड़ती है।
अफरीदी ने याद किया कि उन्होंने 2008 में अपने एकमात्र IPL सीजन में डेक्कन चार्जर्स के लिए रोहित शर्मा के साथ खेला था। अफरीदी के अनुसार पहली नज़र में ही अंदाजा हो गया था कि यह खिलाड़ी वर्ल्ड क्रिकेट में बहुत आगे जाएगा। उन्होंने कहा कि मुझे पता था कि वह एक दिन भारत के लिए बड़ा नाम बनेगा और आज वह खुद को एक क्लासी बैटर साबित कर चुका है।
शाहिद अफरीदी ने आगे यह भी कहा कि विराट कोहली और रोहित शर्मा भारतीय टीम की रीढ़ हैं। अफरीदी के अनुसार हालिया वनडे सीरीज में उनके प्रदर्शन को देखकर यह भरोसा किया जा सकता है कि दोनों खिलाड़ी 2027 वर्ल्ड कप तक टीम इंडिया का हिस्सा रह सकते हैं।




