‘शोर तो रहेगा’, भविष्य पर उठ रहे सवालों पर बोले रोहित शर्मा, कहा- भारत के लिए खेलना ही मेरी प्राथमिकता

रोहित शर्मा ने कहा, "मुझे यही बताया गया है कि काफी शोर है। लेकिन अगर शोर नहीं होगा तो मजा भी नहीं आएगा। यह सब मेरे लिए नया नहीं है।

  • Written By:
  • Publish Date - July 20, 2026 / 06:45 PM IST

लंदन। भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने अपने अंतरराष्ट्रीय भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स वनडे में शानदार शतक जड़ने के बाद रोहित ने साफ कहा कि उनके भविष्य को लेकर जो भी चर्चा हो रही है, वह सिर्फ “शोर (Noise)” है और उनका पूरा ध्यान भारत (India) के लिए खेलते रहने और टीम के प्रदर्शन पर है।

रोहित शर्मा ने कहा, “मुझे यही बताया गया है कि काफी शोर है। लेकिन अगर शोर नहीं होगा तो मजा भी नहीं आएगा। यह सब मेरे लिए नया नहीं है। जब से मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया है, तब से ऐसी बातें होती रही हैं।” उन्होंने कहा कि बाहरी चर्चाओं से उनका ध्यान नहीं भटकता और वह सिर्फ अपने खेल पर फोकस करते हैं।

हाल के दिनों में ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स वनडे रोहित शर्मा का भारत के लिए आखिरी वनडे मैच हो सकता है। हालांकि रोहित ने इन सभी चर्चाओं को खारिज करते हुए संकेत दिया कि वह अभी भी भारतीय टीम के लिए योगदान देने पर पूरी तरह केंद्रित हैं।

रोहित ने यह बयान ऐसे समय में दिया है जब उन्होंने लॉर्ड्स में 138 रन की शानदार पारी खेलकर आलोचकों को करारा जवाब दिया। उनकी इस पारी के बावजूद भारत को मैच और वनडे सीरीज गंवानी पड़ी, लेकिन रोहित के प्रदर्शन ने उनके भविष्य को लेकर चल रही बहस को नया मोड़ दे दिया है। यह शतक लॉर्ड्स के मैदान पर किसी भारतीय बल्लेबाज का पहला वनडे शतक भी रहा।