रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार बच्चों को विज्ञान (Science), नवाचार (Innovation) और बेहतर अवसरों से जोड़ने की दिशा में लगातार काम कर रही है। राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव (School Admission Festival) 2026-27 के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विद्यालय की खगोल विज्ञान प्रयोगशाला (Astronomy Lab) का अवलोकन किया और विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए अंतरिक्ष विज्ञान (Space Science) एवं खगोल विज्ञान (Astronomy) से जुड़े मॉडलों की सराहना की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि “वैज्ञानिक सोच और नवाचार ही भविष्य के भारत की पहचान होंगे और राज्य सरकार बच्चों में विज्ञान एवं तकनीक के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।”
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके वैज्ञानिक मॉडल और प्रयोगों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना समय की जरूरत है। इसके लिए स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं और सीखने के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
राज्य सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। खगोल विज्ञान प्रयोगशालाएं और नवाचार आधारित गतिविधियां बच्चों को नई सोच विकसित करने में मदद करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में देश के वैज्ञानिक, इंजीनियर और नवाचारकर्ता बनेंगे। इसलिए बच्चों को बेहतर शिक्षा, तकनीकी संसाधन और रचनात्मक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।