भारत के खिलाफ मैच में पाकिस्तान U-19 टीम के मेंटर सरफराज अहमद फोन इस्तेमाल करते दिखे, ICC नियमों पर उठा सवाल

इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

  • Written By:
  • Publish Date - February 1, 2026 / 08:11 PM IST

दुबई: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान पाकिस्तान U-19 टीम के मेंटर और पूर्व कप्तान सरफराज अहमद (Sarfaraz Ahmed) विवादों में आ गए हैं। मैच के दौरान उन्हें डगआउट (dugout) में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए देखा गया, जिसके बाद क्रिकेट जगत और सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया।

टीवी कैमरों में सरफराज अहमद मैच के दौरान फोन देखते नजर आए। ICC नियमों के मुताबिक मैच के समय प्लेयर और मैच अधिकारियों के क्षेत्र (Player and Match Officials Area – PMOA) में मोबाइल फोन या किसी भी तरह के संचार उपकरण (communication device) के इस्तेमाल पर रोक है। ऐसे में उनके फोन इस्तेमाल करने को नियमों का उल्लंघन माना जा रहा है।

इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। कुछ लोगों ने इसे गंभीर नियम उल्लंघन बताया, तो कुछ ने मैच फिक्सिंग (match fixing) तक के शक जता दिए। हालांकि अब तक इस मामले में ICC या मैच रेफरी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

भारत-पाकिस्तान अंडर-19 मुकाबला पहले से ही काफी तनावपूर्ण रहा। टॉस के दौरान दोनों टीमों के कप्तानों ने हाथ भी नहीं मिलाया था, जिसे दोनों देशों की क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता से जोड़कर देखा गया। ऐसे माहौल में सरफराज अहमद का फोन इस्तेमाल करना विवाद को और बढ़ाने वाला साबित हुआ।

अब सभी की नजर ICC पर टिकी है कि वह इस मामले में क्या रुख अपनाती है और क्या सरफराज अहमद के खिलाफ कोई जांच या कार्रवाई की जाती है।