सिक्‍सर किंग ने पहनी रिंग: रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई, VIP मेहमानों की रही मौजूदगी

By : hashtagu, Last Updated : June 8, 2025 | 2:50 pm

लखनऊ: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज़ रिंकू सिंह (Rinku Singh) और समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज की सगाई रविवार को लखनऊ के एक पांच सितारा होटल में संपन्न हुई। इस भव्य समारोह में करीब 300 से अधिक खास मेहमान शामिल हुए। कार्यक्रम में राजनीतिक और सामाजिक जगत की कई जानी-मानी हस्तियों की मौजूदगी रही।

सगाई समारोह में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव, राज्यसभा सांसद जया बच्चन, रामगोपाल यादव और इकरा हसन सहित कई वरिष्ठ नेता शरीक हुए। रिंकू और प्रिया की शादी 18 नवंबर 2025 को होने वाली है।

भावुक हुईं प्रिया, जब रिंकू ने पहनाई अंगूठी
जैसे ही रिंकू सिंह ने प्रिया सरोज को अंगूठी पहनाई, यह पल उनके लिए बेहद भावुक हो गया। प्रिया की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े, जिसे उन्होंने टिशू पेपर से पोंछा। इस भावनात्मक पल के बाद दोनों चेहरे पर मुस्कान लिए बेहद खुश नजर आए। पूरा हॉल तालियों की गूंज से भर उठा।

रिंकू-प्रिया का शाही अंदाज़
सेरेमनी के लिए रिंकू सिंह सफेद शेरवानी में और प्रिया सरोज गुलाबी लहंगे में नजर आईं। दोनों ने हाथों में हाथ लेकर स्टेज की ओर कदम बढ़ाए। इस खूबसूरत जोड़ी ने सभी मेहमानों का दिल जीत लिया।

प्रिया सरोज: सियासी परिवार की सांसद
वाराणसी की रहने वाली प्रिया सरोज, मछलीशहर लोकसभा सीट से सपा सांसद हैं। उनके पिता तूफानी सरोज, समाजवादी पार्टी से विधायक हैं और तीन बार लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं।

इस हाई प्रोफाइल सगाई ने न सिर्फ राजनीतिक हलकों, बल्कि खेल जगत और सोशल मीडिया पर भी सुर्खियां बटोरीं।