MP के महू में रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना: टॉयलेट में जन्मा नवजात, कुत्ते ने मुंह में दबाकर निकाला बाहर
By : dineshakula, Last Updated : June 8, 2025 | 2:54 pm

By : dineshakula, Last Updated : June 8, 2025 | 2:54 pm
महू (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के महू में एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां सरकारी अस्पताल (government hospital) की लापरवाही ने एक नवजात की जिंदगी छीन ली। अस्पताल के टॉयलेट में एक 17 साल की नाबालिग लड़की ने चुपचाप बच्चे को जन्म दिया और बिना किसी को बताए वहां से चली गई। कुछ समय बाद टॉयलेट में पड़ा नवजात आवारा कुत्तों का शिकार बन गया।
2:15 बजे पहुंची थी अस्पताल, 5:30 बजे उजागर हुआ सच
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 2 बजकर 15 मिनट पर लड़की पेट दर्द की शिकायत के साथ अस्पताल पहुंची थी। उसने ओपीडी से पर्ची बनवाई, डॉक्टर से दिखाया और डॉक्टर ने उसे भर्ती करने की सलाह दी। लेकिन वह अचानक टॉयलेट चली गई और वहीं प्रसव कर भाग निकली।
सुबह करीब 5:30 बजे अस्पताल परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कुत्ता नवजात को मुंह में दबाकर शौचालय से बाहर लाता हुआ देखा गया। स्टाफ ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नवजात को लेकर दौड़ गया। बाद में नवजात का शव दो टुकड़ों में बरामद किया गया।
सवालों के घेरे में अस्पताल प्रशासन
यह घटना अस्पताल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि अस्पताल स्टाफ को न तो लड़की की सही पहचान पता चल पाई और न ही यह जानकारी कि वह कब आई और कब चली गई।
इंसानियत हुई शर्मसार, अब जांच की बात
इस दर्दनाक हादसे के बाद अस्पताल प्रशासन ने जांच के आदेश जरूर दिए हैं, लेकिन सवाल अब यह है कि एक नाबालिग लड़की अस्पताल में अकेले कैसे प्रसव कर सकती है और कोई देख तक नहीं पाता?
नवजात की मौत और अस्पताल की चुप्पी ने एक बार फिर सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है।
यह हादसा न सिर्फ प्रशासनिक विफलता का उदाहरण है, बल्कि यह समाज और व्यवस्था के लिए गंभीर चेतावनी भी है।