SRH प्लेऑफ में पहुंची, चेन्नई को 5 विकेट से हराया; ईशान किशन का तूफानी अर्धशतक, कमिंस ने झटके 3 विकेट
By : hashtagu, Last Updated : May 18, 2026 | 11:39 pm
चेन्नई: सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने आईपीएल (IPL) 2026 के अहम मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली। चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मैच में हैदराबाद ने 181 रन का लक्ष्य 18.4 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
हैदराबाद की जीत के हीरो ईशान किशन (Ishan Kishan) रहे, जिन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 70 रन बनाए। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हेनरिक क्लासन ने भी 47 रन की तेज पारी खेली। इसके अलावा अभिषेक शर्मा ने 26 और नीतीश रेड्डी ने 11 रन का योगदान दिया। ट्रैविस हेड सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए SRH ने तेज शुरुआत की और पावरप्ले में ही मैच पर पकड़ बना ली। हालांकि बीच के ओवरों में चेन्नई ने कुछ विकेट लेकर वापसी की कोशिश की, लेकिन ईशान और क्लासन की साझेदारी ने मैच हैदराबाद की तरफ मोड़ दिया। अंत में सलील अरोड़ा ने टीम को जीत तक पहुंचाया।
इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 180 रन बनाए। टीम की शुरुआत तेज रही। संजू सैमसन ने 13 गेंदों में 27 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। कार्तिक शर्मा ने 19 गेंदों पर 32 रन बनाए, जबकि डेवाल्ड ब्रेविस ने 27 गेंदों में 44 रन बनाकर पारी को संभाला।
मध्यक्रम में शिवम दुबे ने 26 रन का योगदान दिया। ब्रेविस और शिवम दुबे के बीच पांचवें विकेट के लिए 59 रन की अहम साझेदारी हुई, जिससे चेन्नई मजबूत स्कोर तक पहुंच सकी।
हैदराबाद की ओर से कप्तान पैट कमिंस (Pat Cummins) ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 बड़े विकेट झटके। साकिब हुसैन ने 2 विकेट लिए, जबकि ईशान मलिंगा और प्रफुल हिंगे को 1-1 सफलता मिली।
चेन्नई की पारी खत्म होने के बाद एमएस धोनी ने पूरी टीम के साथ ग्रुप फोटोशूट भी कराया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11:
चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड (कप्तान), संजू सैमसन, उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, अकील हुसैन, अंशुल कंबोज, स्पेंसर जॉनसन और नूर अहमद।
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, हेनरिक क्लासन, सलील अरोड़ा, आर स्मरण, नीतीश रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, साकिब हुसैन, ईशान मलिंगा और प्रफुल हिंगे।
Absorb the pressure. Rebuild the innings. Counter-attack 👊
A phenomenal fifty under pressure by Ishan Kishan 👏
Updates ▶️ https://t.co/4SxAzYKEvY#TATAIPL | #KhelBindaas | #CSKvSRH pic.twitter.com/R4itqjqW0Z
— IndianPremierLeague (@IPL) May 18, 2026




