छत्तीसगढ़ में ‘नेक्स्ट जेन Dial-112’ लॉन्च, अमित शाह ने 400 हाईटेक इमरजेंसी वाहनों को दिखाई हरी झंडी

By : hashtagu, Last Updated : May 18, 2026 | 11:29 pm

रायपुर: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में अब आपातकालीन सेवाएं (Emergency Services) पहले से ज्यादा तेज और हाईटेक होने जा रही हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने रायपुर में “नेक्स्ट जेन CG Dial-112” सेवा की शुरुआत करते हुए 400 अत्याधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह नई सेवा अब राज्य के सभी 33 जिलों में लागू कर दी गई है।

सरकार के मुताबिक नई Dial-112 सेवा स्मार्ट तकनीक (Smart Technology) से लैस है, जिसके जरिए पुलिस, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और आपदा राहत सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। किसी भी इमरजेंसी स्थिति में लोगों को अब पहले से ज्यादा तेज सहायता मिल सकेगी।

इन हाईटेक वाहनों में GPS ट्रैकिंग, रियल टाइम कम्युनिकेशन सिस्टम, डिजिटल मॉनिटरिंग और फास्ट रिस्पॉन्स तकनीक लगाई गई है। कंट्रोल रूम से सीधे कनेक्टेड रहने वाले ये वाहन घटनास्थल तक कम समय में पहुंचेंगे।

कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सुरक्षा और जनसेवा को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि Dial-112 की यह नई व्यवस्था आम लोगों को त्वरित और बेहतर सुरक्षा उपलब्ध कराने में बड़ी भूमिका निभाएगी।

राज्य सरकार के अधिकारियों के अनुसार नई सेवा के जरिए अपराध, सड़क हादसे, मेडिकल इमरजेंसी, आगजनी और प्राकृतिक आपदा जैसी घटनाओं में एक ही नंबर पर तुरंत मदद मिल सकेगी। इससे ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में भी इमरजेंसी रिस्पॉन्स मजबूत होगा।

छत्तीसगढ़ पुलिस ने इस नई व्यवस्था का स्लोगन रखा है — “एक्के नंबर सब्बो बर”, यानी हर तरह की आपात स्थिति में सिर्फ एक नंबर पर मदद उपलब्ध होगी।