नक्सल डेडलाइन से पहले छत्तीसगढ़ में अमित शाह का बड़ा दौरा, रायपुर में फाइनल रणनीति और बस्तर पंडुम महोत्सव में शिरकत

छत्तीसगढ़ समेत नक्सल प्रभावित राज्यों में सुरक्षा बल लगातार बड़े अभियान चला रहे हैं। अब डेडलाइन में सीमित समय बचा है, ऐसे में अमित शाह का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है।

  • Written By:
  • Publish Date - February 4, 2026 / 12:59 PM IST

रायपुर, छत्तीसगढ़। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 7 फरवरी को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह (Amit Shah) शनिवार रात रायपुर पहुंचेंगे और रविवार को नक्सलवाद (Naxalism) की स्थिति को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक (High Level Review Meeting) करेंगे। इस बैठक में नक्सल विरोधी अभियान (Anti Naxal Operation) की मौजूदा स्थिति और आगे की रणनीति (Strategy) पर विस्तार से चर्चा होगी। बैठक के बाद अमित शाह बस्तर रवाना होंगे, जहां वे पंडुम महोत्सव के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब केंद्र सरकार द्वारा तय की गई 31 मार्च 2026 की नक्सलवाद समाप्ति की डेडलाइन नजदीक है। इस समयसीमा का सार्वजनिक ऐलान खुद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किया था। इससे पहले वे 4 अक्टूबर 2025 को विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा महोत्सव में शामिल होने बस्तर आए थे।

छत्तीसगढ़ समेत नक्सल प्रभावित राज्यों में सुरक्षा बल लगातार बड़े अभियान चला रहे हैं। अब डेडलाइन में सीमित समय बचा है, ऐसे में अमित शाह का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। इस दौरान होने वाली समीक्षा बैठक को 31 मार्च की डेडलाइन से पहले अंतिम और निर्णायक सुरक्षा समीक्षा के रूप में देखा जा रहा है।

तय कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह 5 फरवरी से देश के दौरे पर निकलेंगे और 7 फरवरी को रायपुर पहुंचेंगे। रायपुर में होने वाली बैठक में छत्तीसगढ़, तेलंगाना, महाराष्ट्र और ओडिशा के नक्सल प्रभावित इलाकों की सुरक्षा स्थिति, चल रहे अभियानों की प्रगति और खुफिया जानकारी पर चर्चा की जाएगी। खास तौर पर बस्तर संभाग में चल रहे एंटी-नक्सल ऑपरेशनों की समीक्षा इस बैठक का प्रमुख एजेंडा रहेगा।

सूत्रों के मुताबिक अमित शाह इस दौरान बस्तर क्षेत्र का अंदरूनी दौरा भी कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है, तो वे जमीनी स्तर पर तैनात सुरक्षा बलों और अधिकारियों से सीधे फीडबैक लेंगे। बीते कुछ महीनों में बस्तर और आसपास के इलाकों में नक्सल विरोधी अभियानों में तेजी आई है और कई बड़े ऑपरेशन अंजाम दिए गए हैं।

छत्तीसगढ़ आने से पहले अमित शाह जम्मू-कश्मीर में भी सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे। वहां उच्चस्तरीय बैठक के बाद वे सीधे रायपुर के लिए रवाना होंगे।

अमित शाह के दौरे को लेकर राज्य प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह तैयारियों में जुटी हैं। रायपुर में प्रस्तावित बैठक में केंद्रीय अर्धसैनिक बल, राज्य पुलिस और खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद नक्सल प्रभावित इलाकों में अभियान और तेज किए जाएंगे।

कुल मिलाकर अमित शाह का यह दौरा सिर्फ एक नियमित समीक्षा नहीं, बल्कि नक्सलवाद के खिलाफ तय समयसीमा से पहले आखिरी बड़ी रणनीतिक बैठक के रूप में देखा जा रहा है, जिसका असर आने वाले महीनों में जमीनी हालात पर साफ नजर आ सकता है।