रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लालपुर इलाके में नर्स प्रियंका दास (Nurse murder) की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा हो गया है। पुलिस ने आरोपी दुर्गेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार कर ली है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दुर्गेश वर्मा और मृतिका प्रियंका दास एक-दूसरे के जानकार थे और साथ में काम करते थे। दोनों के बीच दोस्ती थी, लेकिन दुर्गेश को शक था कि प्रियंका किसी और से बात करती है। इसी शक के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
घटना वाले दिन आरोपी प्रियंका से मिलने उसकी घर पहुंचा था। दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर दुर्गेश ने चाकू से प्रियंका पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद वह चाकू अपने साथ लेकर चला गया ताकि कोई सबूत न बचे। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने भ्रम फैलाने के इरादे से घर में रखे दूसरे चाकू को प्रियंका के हाथ में पकड़ाया ताकि ऐसा लगे कि वह आत्मरक्षा में मारी गई हो या किसी और तरीके से घटना हुई हो।
पुलिस को इस मामले का सुराग मृतिका की सहेली और तकनीकी जांच से मिला। इसके बाद मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी दुर्गेश को गुड़ियारी इलाके से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
दुर्गेश वर्मा पेशे से कंप्यूटर हार्डवेयर टेक्नीशियन है और रायपुर में ही काम करता था। फिलहाल पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।