राहुल गांधी दिल्ली में कांग्रेस जिला अध्यक्षों को देंगे ट्रेनिंग, संगठन सुदृढ़ करने की तैयारी

इसमें संगठन संचालन, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय, स्थानीय मुद्दों को मजबूत तरीके से उठाने और आगामी चुनावों की तैयारी पर फोकस रहेगा।

  • Written By:
  • Publish Date - February 4, 2026 / 01:14 PM IST

रायपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) दिल्ली में कांग्रेस के जिला अध्यक्षों को प्रशिक्षण (training) देंगे। पार्टी संगठन को मजबूत करने की रणनीति के तहत यह विशेष ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ समेत देशभर के जिला अध्यक्ष शामिल होंगे। इसका उद्देश्य संगठन (organisation) को बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक और ज्यादा प्रभावी बनाना है।

कांग्रेस नेतृत्व ने हाल ही में छत्तीसगढ़ में नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की है। अब इन्हीं जिला अध्यक्षों को दिल्ली बुलाकर संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया जाएगा। ट्रेनिंग के दौरान राहुल गांधी जिला अध्यक्षों से सीधे संवाद करेंगे और उन्हें पार्टी की विचारधारा, जनसंपर्क, चुनावी तैयारी और जमीनी मुद्दों पर काम करने के तरीके समझाएंगे।

बताया जा रहा है कि इस प्रशिक्षण सत्र में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। इसमें संगठन संचालन, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय, स्थानीय मुद्दों को मजबूत तरीके से उठाने और आगामी चुनावों की तैयारी पर फोकस रहेगा।

कांग्रेस का मानना है कि जिला अध्यक्ष संगठन की सबसे अहम कड़ी होते हैं। यदि जिला स्तर पर संगठन मजबूत होगा, तो उसका सीधा असर चुनावी प्रदर्शन और जनता से जुड़ाव पर पड़ेगा। इसी सोच के तहत राहुल गांधी खुद इस ट्रेनिंग प्रक्रिया में शामिल होकर जिला अध्यक्षों का मार्गदर्शन करेंगे।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक यह ट्रेनिंग केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं होगी, बल्कि इसमें वन-टू-वन चर्चा, फीडबैक और भविष्य की रणनीति पर भी बात होगी। इससे जिला अध्यक्षों को अपनी भूमिका और जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलेगी।

कांग्रेस संगठन इस पहल को आने वाले समय में पार्टी को नए सिरे से खड़ा करने की दिशा में एक अहम कदम मान रहा है।