सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत पर दिल्ली हाईकोर्ट पहुंची याचिका, फोर्स-फीडिंग और अस्पताल में भर्ती कराने की मांग

याचिका में कहा गया है कि सोनम वांगचुक पिछले 18 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं और उनकी सेहत लगातार बिगड़ रही है।

  • Written By:
  • Updated On - July 15, 2026 / 03:55 PM IST

नई दिल्ली। जलवायु कार्यकर्ता (Climate Activist) सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल (Hunger Strike) के बीच उनकी बिगड़ती सेहत को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) में जनहित याचिका (PIL) दायर की गई है। याचिका में वांगचुक को तत्काल अस्पताल (Hospital) में भर्ती कर आवश्यक चिकित्सा सुविधा देने और जरूरत पड़ने पर फोर्स-फीडिंग (Force Feeding) की अनुमति देने की मांग की गई है।

याचिका में कहा गया है कि सोनम वांगचुक पिछले 18 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं और उनकी सेहत लगातार बिगड़ रही है। दावा किया गया है कि उनका करीब 8.5 किलोग्राम वजन कम हो चुका है और यदि समय रहते चिकित्सकीय हस्तक्षेप नहीं किया गया तो अगले दो दिनों में उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता है।

मामले की सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार को नोटिस जारी कर उनका पक्ष मांगा है। अदालत ने दोनों सरकारों से पूछा है कि वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं और उन्हें चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए क्या व्यवस्था की गई है।

याचिका में कहा गया है कि वांगचुक का जीवन बचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और उनकी गंभीर होती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए तत्काल चिकित्सकीय निगरानी जरूरी है। अदालत अब इस मामले में केंद्र और दिल्ली सरकार के जवाब के बाद आगे की सुनवाई करेगी।