न्यूजीलैंड में भारतीय मूल के डेरी कर्मचारी की हत्या को लेकर पूरे देश में विरोध प्रदर्शन

By : hashtagu, Last Updated : November 28, 2022 | 8:56 pm

वेलिंगटन, 28 नवंबर (आईएएनएस)| न्यूजीलैंड में पिछले हफ्ते भारतीय मूल के डेयरी कर्मचारी जनक पटेल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। भारतीय कर्मचारी की हत्या के विरोध में सोमावार को पूरे न्यूजीलैंड में राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन हुए। हालांकि, पुलिस ने अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। न्यूजीलैंड हेराल्ड की एक रिपोर्ट के अनुसार, दोपहर 12:30 बजे पूरे देश में विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ। ऑकलैंड के माउंट अल्बर्ट में प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न के चुनावी कार्यालय के सामने भारी संख्या में लोग जमा हुए। इस दौरान प्रदर्शकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर ‘इनफ इज इनफ’ का नारा लगाया। प्रदर्शकारियों ने तख्तियों पर ‘कानून बदलों’ का मैसेज लिखा हुआ था।

आरोपियों की कठोर सजा की मांग करते हुए विरोध में देश भर की डेयरियों ने अपने स्टोर को दो घंटे के लिए बंद कर दिया था। वेलिंगटन में उप प्रधानमंत्री ग्रांट रॉबर्टसन के चुनावी कार्यालय के बाहर जनक पटेल के समर्थन में एक मिनट का मौन भी रखा गया। प्रदर्शन के कारण यात्रियों काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

वंगारेई में लगभग 60 लोग श्रमिक निर्वाचन कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने के लिए एकत्रित हुए थे। इनमें ज्यादातर डेयरी कर्मचारी और मालिक थे। नॉर्थलैंड इंडियन एसोसिएशन के राल्फ कोरिया की ओर से बयान में कहा गया कि हम एक सुरक्षित समुदाय चाहते हैं और हम चाहते हैं कि लोगों को न्याय मिले। उन्होंने कहा कि पटेल की हत्या के बाद डेयरी मालिक अब काम पर जाने से डरने लगे हैं।

पटेल को एक नहीं दो नहीं बल्कि 34 बार चाकू मारा गया था। पटेल ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। जिसके बाद पुलिस ने 48 घंटे में ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इन आरोपियों पर हत्या और डकैती का आरोप लगाया गया।

पुलिस ने रविवार को इस मामले में तीसरी गिरफ्तारी की थी। रिपोर्ट के अनुसार, ऑकलैंड डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में 5 दिसंबर को उनकी जमानत की सुनवाई तय की गई है। पटेल के परिवार के लिए गिवलिटिल पेज ने करीब 65,000 डॉलर जुटाए हैं। क्योंकि उनकी हाल ही में शादी हुई थी और उनकी पत्नी गर्भवती है।