₹23.5 करोड़ तेल घोटाले में 1996 विश्व कप विजेता कप्तान अर्जुन रणातुंगा की गिरफ्तारी तय, श्रीलंका में मचा राजनीतिक-खेल हलचल

By : hashtagu, Last Updated : December 15, 2025 | 9:57 pm

कोलंबो। श्रीलंका (Srilanka) को 1996 का क्रिकेट विश्व कप जिताने वाले पूर्व कप्तान और पूर्व पेट्रोलियम मंत्री अर्जुन रणातुंगा की ₹23.5 करोड़ के तेल घोटाले में गिरफ्तारी तय मानी जा रही है। श्रीलंका की भ्रष्टाचार जांच एजेंसी ने अदालत को बताया है कि रणातुंगा विदेश में हैं और देश लौटते ही उन्हें हिरासत में लिया जाएगा।

जांच एजेंसी के अनुसार, अर्जुन रणातुंगा पर वर्ष 2017 में पेट्रोलियम मंत्री रहते हुए तेल की खरीद में नियमों की अनदेखी करने का आरोप है। आरोप है कि लंबी अवधि के सस्ते अनुबंधों के बजाय महंगी स्पॉट खरीद को मंजूरी दी गई, जिससे सरकार को करीब 800 मिलियन श्रीलंकाई रुपये यानी लगभग ₹23.5 करोड़ का नुकसान हुआ।

इस मामले में अर्जुन रणातुंगा के भाई धम्मिका रणातुंगा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। धम्मिका उस समय सीलोन पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के चेयरमैन थे। बाद में उन्हें जमानत मिल गई, लेकिन अदालत ने उन पर यात्रा प्रतिबंध लगा दिया है।

भ्रष्टाचार जांच आयोग ने कोलंबो की अदालत में बताया कि अर्जुन रणातुंगा के विदेश से लौटने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले की अगली सुनवाई 13 मार्च को निर्धारित की गई है।

62 वर्षीय अर्जुन रणातुंगा श्रीलंका के सबसे सफल क्रिकेट कप्तानों में गिने जाते हैं। उनके नेतृत्व में श्रीलंका ने 1996 में विश्व कप जीतकर इतिहास रचा था। यह मामला वर्तमान राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिस्सानायके की भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का हिस्सा माना जा रहा है। इससे पहले रणातुंगा परिवार से जुड़े अन्य सदस्यों पर भी अलग-अलग मामलों में कार्रवाई हो चुकी है।