फ्रांस में सरकार के खिलाफ 1 लाख का प्रदर्शन, आगजनी और उपद्रव, 200 गिरफ्तार

फ्रांस के गृह मंत्री ब्रूनो रेतेयो ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने विद्रोह का माहौल बनाने की कोशिश की।

  • Written By:
  • Publish Date - September 10, 2025 / 04:36 PM IST

France Protest: नेपाल के बाद अब फ्रांस में भी सरकार के खिलाफ बड़े प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। बुधवार को 1 लाख से ज्यादा लोग राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की नीतियों और बजट में कटौती के खिलाफ सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने कई शहरों में हिंसा की, जिसमें रेन शहर में एक बस को आग लगा दी गई और दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में बिजली की लाइन को नुकसान पहुंचने के बाद ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं।

फ्रांस के गृह मंत्री ब्रूनो रेतेयो ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने विद्रोह का माहौल बनाने की कोशिश की। इस प्रदर्शन का नाम ‘ब्लॉक एवरीथिंग’ रखा गया है, जिसे लेफ्ट पार्टियों और जमीनी संगठनों द्वारा आह्वान किया गया था। सरकार ने 80,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया है, और अब तक 200 से ज्यादा उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रदर्शनकारियों का मुख्य मुद्दा राष्ट्रपति मैक्रों की नीतियां, बजट में कटौती, और लगातार बदलते प्रधानमंत्री हैं। हाल ही में सेबास्टियन लेकोर्नू को प्रधानमंत्री बनाया गया है, और यह दो साल में पांचवें प्रधानमंत्री हैं। इससे जनता में असंतोष और अस्थिरता बढ़ गई है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मैक्रों की नीतियां आम लोगों के खिलाफ हैं और गरीबों को नुकसान पहुंचा रही हैं। इसके साथ ही, वे चाहते हैं कि राष्ट्रपति मैक्रों इस्तीफा दें और सरकार अपनी नीतियों में बदलाव करे। यह प्रदर्शन ऐसे समय में हो रहे हैं, जब फ्रांस के नए प्रधानमंत्री सेबास्टियन लेकोर्नू अपना कार्यभार संभालने जा रहे हैं।