काराकास (वेनेजुएला): भूकंप प्रभावित वेनेजुएला (Venezuala) में भारत की ओर से भेजा गया भारतीय सेना का फील्ड अस्पताल (Field Hospital) पूरी तरह से शुरू हो गया है। ऑपरेशन अमिस्ताद (Operation Amistad) के तहत तैनात यह अस्पताल अब 24 घंटे मुफ्त चिकित्सा सेवाएं दे रहा है। यहां भूकंप प्रभावित लोगों को आपातकालीन उपचार (Emergency Treatment), सर्जरी, दवाइयां और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
भारतीय सेना की विशेष मेडिकल टीम और राहत सामग्री हाल ही में भारतीय वायुसेना के दो सी-17 ग्लोबमास्टर विमानों के जरिए वेनेजुएला पहुंची थी। इस अभियान के तहत 41 सदस्यीय मेडिकल दल, आधुनिक चिकित्सा उपकरण, दवाइयां और 35 टन से अधिक राहत सामग्री भेजी गई है, ताकि भूकंप प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता मिल सके।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत की ओर से भेजी गई राहत सामग्री, चिकित्सा उपकरण और फील्ड अस्पताल वहां चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों को मजबूती देंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि भारत संकट की इस घड़ी में वेनेजुएला के साथ खड़ा है।
भारतीय सेना के अधिकारियों के अनुसार फील्ड अस्पताल में ट्रॉमा, आपातकालीन चिकित्सा, सामान्य उपचार और आवश्यक सर्जरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल का उद्देश्य स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था पर बढ़े दबाव को कम करना और प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता पहुंचाना है।
गौरतलब है कि हाल ही में वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई और हजारों लोग घायल हुए। इसके बाद भारत ने मानवीय सहायता अभियान ऑपरेशन अमिस्ताद शुरू करते हुए राहत सामग्री और चिकित्सा दल भेजा। इस पहल को वैश्विक मानवीय सहायता के क्षेत्र में भारत की सक्रिय भूमिका के रूप में देखा जा रहा है।