‘फिल्ममेकर्स को सिर्फ मेरा शरीर दिखाना था’, जीनत अमान ने 70 के दशक के बॉलीवुड पर किया बड़ा खुलासा

उन्होंने बताया कि जब लोग उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलते थे तो यह देखकर हैरान रह जाते थे कि वह फिल्मों में निभाए गए किरदारों जैसी बिल्कुल नहीं हैं।

  • Written By:
  • Publish Date - June 30, 2026 / 09:06 PM IST

मुंबई: बॉलीवुड (Bollywood) की दिग्गज अभिनेत्री (Veteran Actress) जीनत अमान (Zeenat Aman) ने अपने फिल्मी करियर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि 70 के दशक में फिल्म निर्माता (Filmmakers) उनके अभिनय से ज्यादा उनके शरीर और ग्लैमरस (Glamorous) छवि पर ध्यान देते थे। यही वजह रही कि लंबे समय तक उनकी पहचान केवल ‘सेक्स सिंबल’ (Sex Symbol) के रूप में बनी रही।

जीनत अमान ने एक इंटरव्यू में कहा कि पर्दे पर उनकी जो छवि बनाई गई, वह उनकी असली पहचान से बिल्कुल अलग थी। उन्होंने बताया कि जब लोग उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलते थे तो यह देखकर हैरान रह जाते थे कि वह फिल्मों में निभाए गए किरदारों जैसी बिल्कुल नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ‘सेक्स सिंबल’ का टैग कई वर्षों तक उनके साथ जुड़ा रहा।

अभिनेत्री ने कहा कि उस दौर में फिल्म सेट पर महिलाओं की संख्या बेहद कम होती थी और अधिकतर फैसले पुरुष ही लेते थे। उन्होंने बताया कि उन्हें अपने किरदारों या फिल्मों के रचनात्मक पहलुओं पर राय देने का अवसर नहीं मिलता था। फिल्म निर्माताओं की दिलचस्पी केवल इस बात में होती थी कि वह स्क्रीन पर कैसी दिखें। उन्होंने कहा कि उनसे सिर्फ गाने, नाचने, बारिश में भीगने और अधिक खुलापन दिखाने वाले दृश्य करने की उम्मीद की जाती थी।

जीनत अमान ने बताया कि विदेश में रहने के कारण उन्हें अंतरराष्ट्रीय फैशन की अच्छी समझ थी, लेकिन भारतीय फिल्मों में उनके कॉस्ट्यूम और लुक को लेकर भी अंतिम फैसला फिल्म निर्माता और कॉस्ट्यूम डिजाइनर ही करते थे। उन्होंने कहा कि उस समय अभिनेत्रियों को रचनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा नहीं माना जाता था, जबकि आज हालात पहले की तुलना में काफी बदल चुके हैं।