ईरान ने दूसरे दिन लगातार इजराइल पर दागी मिसाइल, 6 घायल
By : hashtagu, Last Updated : June 20, 2025 | 12:05 pm

By : hashtagu, Last Updated : June 20, 2025 | 12:05 pm
तेहरान: ईरान (Iran) और इजराइल के बीच जारी तनाव के बीच शुक्रवार सुबह एक बड़ा हमला हुआ। ईरान ने इजराइल के बीर्शेबा शहर पर बैलिस्टिक मिसाइल दागी, जो माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस के पास आकर गिरी। टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार इस विस्फोट से कई कारों में आग लग गई और आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा। इस हमले में 6 लोग घायल हो गए हैं।
यह लगातार दूसरा दिन है जब बीर्शेबा शहर को निशाना बनाया गया है। गुरुवार को भी ईरान ने बीर्शेबा के एक अस्पताल पर मिसाइल दागी थी, जिसमें 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।
इसी बीच न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिका को अब यकीन है कि ईरान के पास परमाणु बम बनाने की पूरी तकनीकी और संसाधन क्षमता है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने गुरुवार को कहा कि अगर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई आदेश दें, तो ईरान कुछ ही हफ्तों में परमाणु बम तैयार कर सकता है।
लेविट के मुताबिक, ईरान के पास अब वो हर चीज मौजूद है जो एक परमाणु हथियार निर्माण के लिए जरूरी होती है। बस फैसला लेने की देर है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर ईरान ऐसा करता है, तो इससे न सिर्फ इजराइल बल्कि अमेरिका और पूरी दुनिया की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।
सात दिन से चल रही इस लड़ाई में अब तक इजराइल के 24 नागरिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 600 से ज्यादा लोग घायल हैं। वहीं वॉशिंगटन स्थित एक मानवाधिकार संगठन ने दावा किया है कि ईरान में अब तक 639 लोगों की मौत हो चुकी है और 1329 से ज्यादा लोग घायल हैं। स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है और क्षेत्र में तनाव गहराता जा रहा है।