पेरिस के लौवर म्यूज़ियम से नेपोलियन युग के कीमती गहने चोरी

गृह मंत्री नुनेज के मुताबिक चोरों ने खिड़की के शीशे को “डिस्क कटर” से काटकर अंदर प्रवेश किया। उन्होंने कहा कि चोरी की इस घटना की पहले से योजना बनाई गई थी और म्यूज़ियम की रेकी की गई थी।

  • Written By:
  • Publish Date - October 19, 2025 / 10:28 PM IST

पेरिस, फ्रांस: पेरिस स्थित दुनिया के सबसे प्रसिद्ध संग्रहालयों में से एक (luvre musuem से रविवार सुबह एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। नेपोलियन और उनकी रानी से जुड़ी कीमती गहनों की चोरी हुई है। फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने इसे “एक बड़ा डकैती कांड” बताया है।

यह घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई जब चोरों ने निर्माणाधीन हिस्से की ओर से संग्रहालय में घुसपैठ की। उन्होंने सीन नदी की ओर वाले हिस्से से हाइड्रोलिक सीढ़ी का इस्तेमाल कर Apollo Gallery तक पहुंच बनाई। इसी गैलरी में उस समय फ्रेंच क्राउन ज्वेल्स (French Crown Jewels) का एक हिस्सा प्रदर्शन पर था।

गृह मंत्री नुनेज के मुताबिक चोरों ने खिड़की के शीशे को “डिस्क कटर” से काटकर अंदर प्रवेश किया। उन्होंने कहा कि चोरी की इस घटना की पहले से योजना बनाई गई थी और म्यूज़ियम की रेकी की गई थी। पूरी वारदात सिर्फ सात मिनट में अंजाम दी गई।

फ्रांसीसी अखबार ले पेरिसियन के मुताबिक चोर “नेपोलियन और एम्प्रेस” की ज्वेलरी कलेक्शन से कुल नौ गहनों को चुरा ले गए। इनमें से एक गहना बाद में म्यूज़ियम के बाहर मिला।

इस वारदात के बाद लौवर म्यूज़ियम को “विशेष कारणों” से एक दिन के लिए बंद कर दिया गया है। पेरिस के अभियोजक कार्यालय ने जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

घटना के बाद म्यूज़ियम के बाहर बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं और बड़ी संख्या में पर्यटक बाहर इंतज़ार करते देखे गए। आसपास के ट्रैफिक को भी कंट्रोल किया गया है।

दुनिया का सबसे अधिक देखा जाने वाला म्यूज़ियम
लौवर म्यूज़ियम दुनिया का सबसे ज्यादा विज़िट किया जाने वाला म्यूज़ियम है, जहां रोज़ाना लगभग 30,000 लोग आते हैं। यहां 33,000 से अधिक ऐतिहासिक कलाकृतियां मौजूद हैं। मोनालिसा इसकी सबसे प्रसिद्ध पेंटिंग है, इसके अलावा वीनस डी मिलो और विंग्ड विक्ट्री ऑफ समोथ्रेस जैसी प्रसिद्ध कलाकृतियां भी यहां रखी गई हैं।

इस म्यूज़ियम में इससे पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। 1911 में मोनालिसा को एक पूर्व कर्मचारी विनचेंज़ो पेरुज्जिया ने चुरा लिया था और दो साल बाद वह इटली के फ्लोरेंस में मिली थी। आखिरी बड़ी चोरी 1983 में हुई थी जब दो रिनेसां काल की आर्मर चोरी हुई थीं, जो 2021 में बरामद की गईं।