व्हाइट हाउस के पास फायरिंग से हड़कंप, सिक्योरिटी चेकपॉइंट पर गोलीबारी करने वाला हमलावर ढेर

रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना शाम करीब 6 बजे व्हाइट हाउस के पास 17th स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू इलाके में हुई।

  • Written By:
  • Publish Date - May 24, 2026 / 12:34 PM IST

वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका (America) के व्हाइट हाउस (White House) के पास शनिवार शाम उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक बंदूकधारी (Gunman) ने सिक्योरिटी चेकपॉइंट (Security Checkpoint) पर तैनात अधिकारियों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सीक्रेट सर्विस (Secret Service) एजेंट्स ने हमलावर को गोली मार दी, जिसकी बाद में अस्पताल में मौत हो गई। घटना में एक राहगीर भी घायल हुआ है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना शाम करीब 6 बजे व्हाइट हाउस के पास 17th स्ट्रीट और पेनसिल्वेनिया एवेन्यू इलाके में हुई। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने बताया कि संदिग्ध एक बैग लेकर चेकपॉइंट के पास पहुंचा और अचानक उसमें से हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षा अधिकारियों ने तुरंत जवाबी फायरिंग की।

घटना के दौरान पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे, हालांकि उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा। फायरिंग के बाद पूरे इलाके में लॉकडाउन कर दिया गया और वहां मौजूद पत्रकारों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मारे गए संदिग्ध की पहचान 21 वर्षीय नासिर बेस्ट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पहले भी व्हाइट हाउस परिसर में घुसने की कोशिश कर चुका था और उसके खिलाफ ‘स्टे अवे ऑर्डर’ जारी किया गया था।

एफबीआई और सीक्रेट सर्विस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि घायल राहगीर को हमलावर की गोली लगी या जवाबी कार्रवाई के दौरान गोली लगी। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने व्हाइट हाउस के आसपास सुरक्षा और बढ़ा दी है।