छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना, 17 जिलों में येलो अलर्ट जारी
By : ira saxena, Last Updated : May 14, 2025 | 12:02 pm
रायपुर: छत्तीसगढ़ में गर्मी से जूझ रहे लोगों को आने वाले पांच दिनों में राहत मिल सकती है। मौसम विभाग (Weather department) ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। साथ ही अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी का अनुमान भी लगाया गया है।
सोमवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
द्रोणिका के कारण बदलेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, एक द्रोणिका बिहार से झारखंड तक करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। आज कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। कुछ इलाकों में अंधड़ चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
17 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों — धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और सरगुजा — में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज बारिश, बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।
राजधानी रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में भी आज आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 42°C और न्यूनतम 29°C के आसपास रहने की संभावना है।


