उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने छत्तीसगढ़ के 34 अलंकरण से 37 विभूतियों एवं 4 संस्थाओं को किया सम्मानित

By : dineshakula, Last Updated : November 6, 2025 | 12:07 pm

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर में राज्योत्सव (Rajyotsav) के अवसर पर आयोजित राज्य अलंकरण समारोह में देश के उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने बुधवार को प्रदेश की 37 विशिष्ट विभूतियों और 4 संस्थाओं को सम्मानित किया। समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने अध्यक्षता की, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उप राष्ट्रपति राधाकृष्णन ने समाजसेवा, कला, साहित्य, पत्रकारिता, कृषि, चिकित्सा, शिक्षा और जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया।

राज्य के वीर सपूतों और जनसेवकों की याद में दिए जाने वाले इन पुरस्कारों में शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार हिरेश सिन्हा (कांकेर) को मिला, जबकि यति यतनलाल सम्मान भारतीय कुष्ठ निवारक संघ (जांजगीर-चांपा) को प्रदान किया गया। गुण्डाधूर सम्मान ज्ञानेश्वरी यादव (राजनांदगांव) और मिनीमाता सम्मान ललेश्वरी साहू (दुर्ग) को मिला।

गुरुघासीदास सम्मान भुवनदास जांगड़े (बेमेतरा) और शशि गायकवाड़ (बलौदाबाजार) को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार धमतरी की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति डोमा को मिला, जबकि हबीब तनवीर सम्मान रायपुर के डॉ. कुंज बिहारी शर्मा को प्रदान किया गया।

राज्य के अन्य महत्वपूर्ण पुरस्कारों में महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान चांदनी साहू (बिलासपुर), पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान राजेश अग्रवाल (रायपुर) और चक्रधर सम्मान पंडित कीर्ति माधव लाल व्यास (दुर्ग) को दिया गया।

पत्रकारिता क्षेत्र में चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पुरस्कार प्रिंट मीडिया (हिन्दी) में डॉ. संदीप कुमार तिवारी (रायपुर) और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में डॉ. सोमेश कुमार पटेल व अभिषेक शुक्ला (रायपुर) को संयुक्त रूप से मिला। अंग्रेजी प्रिंट मीडिया के लिए मधुकर खेर स्मृति पुरस्कार भावना पाण्डेय (दुर्ग) को प्रदान किया गया।

सामाजिक सेवा के क्षेत्र में डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा सम्मान जंगो रायतार विद्या केतुल शिक्षण संस्था (कांकेर) को मिला। इसी तरह, एनटीपीसी लारा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट (रायगढ़) को रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में संस्कृति, साहित्य और कला से जुड़े कई अन्य पुरस्कार भी वितरित किए गए जिनमें लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार डॉ. विनोद कुमार वर्मा (बिलासपुर), पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान अवधेश कुमार (नई दिल्ली) और संस्कृत भाषा सम्मान डॉ. दादू भाई त्रिपाठी (रायपुर) को दिया गया।

नवा रायपुर का यह अलंकरण समारोह छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं, परंपराओं और लोकगौरव को सम्मानित करने का प्रतीक बन गया।