मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भिलाई में दिव्य हनुमंत कथा समारोह में शामिल, योजनाओं और राम वनवास से छत्तीसगढ़ का बताया संबंध

By : hashtagu, Last Updated : December 28, 2025 | 5:10 am

भिलाई, 27 दिसंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Vishnu Deo Sai) जयंती स्टेडियम मैदान भिलाई में आयोजित पांच दिवसीय दिव्य हनुमंत कथा समारोह में  पत्नी के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सभी के लिए सौभाग्य का विषय है कि धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री का आशीर्वाद छत्तीसगढ़ को लगातार मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभु राम ने अपने वनवास का अधिकांश समय छत्तीसगढ़ में बिताया और यह भूमि माता शबरी से भी जुड़ी है, जहां भक्त माता शबरी ने प्रभु राम को जूठे बेर खिलाए थे।

मुख्यमंत्री ने राम लला अयोध्या धाम योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक 38 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में प्रभु राम के दर्शन कराए जा चुके हैं और यह क्रम लगातार जारी है। उन्होंने तीर्थ यात्रा दर्शन योजना की जानकारी देते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों से बंद पड़ी इस योजना को फिर से शुरू किया गया है, जिसके तहत अब तक 5000 बुजुर्ग लाभान्वित हो चुके हैं। योजना के अंतर्गत राज्य के वृद्ध श्रद्धालुओं को देश के 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना शुरू की गई है, जिसके तहत एक हजार रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। इस योजना से लगभग 70 लाख महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि सारंगढ़ जिले के ग्राम दानसरा की महिलाओं ने महतारी वंदन योजना की राशि एकत्र कर प्रभु राम मंदिर का निर्माण शुरू किया है।

Cm At Dhirendra Shahtri Prog

विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री द्वारा देखी गई अखंड भारत की कल्पना एक दिन अवश्य साकार होगी। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया में जागरूकता का यह समय है और कार्यक्रम में उमड़ी श्रद्धा से यह संकेत मिलता है कि भारत को विश्व गुरु बनाने का समय आ चुका है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्नी के साथ आरती में भाग लिया और प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। दिव्य हनुमंत कथा का आयोजन 25 दिसंबर से 29 दिसंबर 2025 तक सेवा समर्पण समिति द्वारा किया जा रहा है।

इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग अन्य विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, विधायक ललित चंद्राकर, छत्तीसगढ़ खादी बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, पूर्व सांसद सरोज पाण्डे, पूर्व विधायक लाभचंद बाफना, अरुण वोरा, आयोजन समिति के पदाधिकारी, अन्य जनप्रतिनिधि, नगर के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।