यूपी चुनाव 2027: NDA का साफ फॉर्मूला, सहयोगियों के साथ मिलकर लड़ेगी BJP, प्रचंड बहुमत का दावा
By : hashtagu, Last Updated : July 5, 2026 | 4:51 pm
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अभी से पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Nitin Nabin) ने लखनऊ में NDA के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ बैठक की और साफ किया कि भाजपा आगामी चुनाव राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (National Democratic Alliance-NDA) के सभी सहयोगियों के साथ मिलकर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने दम पर चुनाव लड़ने में सक्षम है, लेकिन गठबंधन को मजबूत बनाए रखना और सभी सहयोगियों के साथ बेहतर तालमेल (Coordination) बनाना ही पार्टी की प्राथमिकता है।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने जनता के लिए सेवा भाव से काम किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में NDA एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश’ बनाने के लक्ष्य के साथ सभी सहयोगी दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
नितिन नवीन ने संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित की जाएं ताकि कार्यकर्ताओं और सहयोगी दलों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे। उन्होंने कहा कि जनता तक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से पहुंचाना संगठन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि विधानसभा चुनाव में संगठन की मजबूती और सहयोगी दलों के साथ एकजुटता जीत की सबसे बड़ी कुंजी होगी। इसी रणनीति के तहत पार्टी ने चुनावी तैयारियां समय से पहले शुरू कर दी हैं और राज्यभर में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी गई हैं।




