होली से पहले 25 लाख किसानों को 10 हजार करोड़ का तोहफा: साय कैबिनेट का बड़ा फैसला, 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मिलेगा धान का पूरा भुगतान

By : hashtagu, Last Updated : February 11, 2026 | 6:14 pm

रायपुर, छत्तीसगढ़: होली (Holi Festival) से पहले राज्य के किसानों (Farmers) को बड़ी राहत देते हुए साय कैबिनेट (Sai Cabinet) ने धान (Paddy) की अंतर राशि (Price Difference Amount) एकमुश्त (Lump Sum) देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में तय किया गया कि समर्थन मूल्य (Minimum Support Price – MSP) पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर की राशि का भुगतान होली से पहले कर दिया जाएगा।

कैबिनेट की बैठक में किसानों के हित में यह बड़ा निर्णय लिया गया। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से कुल 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। अब कृषक उन्नति योजना के तहत छत्तीसगढ़ सरकार इन किसानों को धान के मूल्य के अंतर की राशि का भुगतान करेगी।

सरकार होली पर्व से पहले लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की राशि एकमुश्त किसानों के खातों में डालेगी। इससे प्रदेश के लाखों किसान परिवारों को त्योहार से पहले आर्थिक मजबूती मिलेगी।

सरकार के अनुसार, पिछले दो वर्षों में कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को धान के मूल्य के अंतर के रूप में 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। इस वर्ष होली से पहले 10 हजार करोड़ रुपये के भुगतान के बाद यह कुल राशि बढ़कर 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगी।