बीजापुर में फिर नक्सली मुठभेड़: महिला समेत दो ढेर, SLR-INSAS सहित हथियार बरामद

By : dineshakula, Last Updated : February 26, 2026 | 3:31 pm

बीजापुर: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के नक्सल प्रभावित बीजापुर (Bijapur) जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों (Naxalites) के बीच एक बार फिर मुठभेड़ (Encounter) हुई है। जांगला थाना क्षेत्र के इंद्रावती नदी इलाके में चली इस कार्रवाई में एक वर्दीधारी महिला नक्सली और एक पुरुष नक्सली के शव बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ के बाद सर्चिंग के दौरान एक एसएलआर, एक इंसास राइफल, एक 12 बोर राइफल और विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई है।

जानकारी के मुताबिक, इंद्रावती नदी क्षेत्र में 5 से 6 नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर एसटीएफ और डीआरजी की संयुक्त टीम को सर्चिंग अभियान पर रवाना किया गया। इस दौरान भैरमगढ़ एरिया कमेटी के नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ शुरू हो गई।

मुठभेड़ खत्म होने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। मौके से एक महिला और एक पुरुष नक्सली का शव बरामद हुआ। साथ ही भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक भी मिले हैं।

बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि इलाके में अन्य नक्सलियों की तलाश के लिए सर्चिंग अभियान अभी भी जारी है।

गौरतलब है कि सरकार ने 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य तय किया है। इसके तहत नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार ऑपरेशन, गिरफ्तारी और आत्मसमर्पण की कार्रवाई तेज की गई है। पुलिस ने इंद्रावती क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों से आत्मसमर्पण करने की अपील भी की है।