दिल्ली में इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग: इंजन फेल होने से मचा हड़कंप, 160 यात्री सुरक्षित
By : hashtagu, Last Updated : March 28, 2026 | 3:24 pm
By : hashtagu, Last Updated : March 28, 2026 | 3:24 pm
दिल्ली: विशाखापत्तनम (Visakhapatnam) से दिल्ली (Delhi) आ रही इंडिगो (IndiGo) की फ्लाइट में इंजन फेल (Engine Failure) होने के कारण शनिवार को इमरजेंसी लैंडिंग (Emergency Landing) करानी पड़ी। इस दौरान फ्लाइट में सवार सभी 160 यात्री (Passengers) सुरक्षित बताए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुबह 10 बजकर 39 मिनट पर इंडिगो की फ्लाइट 6E 579 के लिए फुल इमरजेंसी घोषित की गई थी। यह फैसला विमान के एक इंजन में खराबी आने के बाद लिया गया।
बताया गया कि यह विमान बोइंग 737 था, जिसमें कुल 160 यात्री सवार थे। इंजन में दिक्कत आने के बाद पायलट ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल को जानकारी दी और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार, यह विमान सुबह 10 बजकर 59 मिनट पर सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कर गया।
इस घटना के बाद कुछ समय के लिए एयरपोर्ट पर हलचल का माहौल रहा, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं।