वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल का तूफान, राजस्थान ने RCB को 6 विकेट से हराया

By : hashtagu, Last Updated : April 11, 2026 | 12:16 am

गुवाहाटी, असम: आईपीएल 2026 के 16वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। 202 रनों के लक्ष्य (Target) का पीछा करते हुए राजस्थान ने आक्रामक बल्लेबाजी (Batting) के दम पर मैच अपने नाम किया।

राजस्थान की शुरुआत यशस्वी जायसवाल के रूप में जल्दी झटके के साथ हुई, जो 13 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने आते ही तूफानी अंदाज दिखाया और पहले ही ओवर में भुवनेश्वर कुमार पर दो चौके जड़ दिए। वैभव ने सिर्फ 26 गेंदों में 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 78 रन की विस्फोटक पारी खेली।

ध्रुव जुरेल ने उनका बेहतरीन साथ दिया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 36 गेंदों में 108 रनों की शानदार साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

हालांकि बीच में क्रुणाल पांड्या ने लगातार गेंदों पर वैभव सूर्यवंशी और शिमरॉन हेटमायर को आउट कर मैच में वापसी की कोशिश की। इसके बाद जोश हेजलवुड ने कप्तान रियान पराग को भी पवेलियन भेजा, लेकिन तब तक राजस्थान मजबूत स्थिति में पहुंच चुका था।

इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 201 रन बनाए। टीम की शुरुआत खराब रही और 76 रन के स्कोर पर ही फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, विराट कोहली, क्रुणाल पांड्या और जितेश शर्मा आउट हो गए।

कप्तान रजत पाटीदार ने एक छोर संभालते हुए 40 गेंदों में 63 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। अंत में रोमारियो शेफ़र्ड ने 11 गेंदों में 22 रन और वेंकटेश अय्यर ने 15 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।

मैच की शुरुआत बारिश के कारण देरी से हुई। टॉस भी करीब एक घंटे लेट हुआ, जहां राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था।

इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है और टीम के युवा खिलाड़ियों का प्रदर्शन चर्चा में बना हुआ है।