छत्तीसगढ़ विधानसभा में पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि, सीएम विष्णु देव साय ने लोककला की महान साधिका को किया नमन

By : hashtagu, Last Updated : July 13, 2026 | 10:08 am

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र (Monsoon Session) के पहले दिन पद्म विभूषण (Padma Vibhushan) से सम्मानित विश्वविख्यात पंडवानी गायिका (Pandavani Singer) और छत्तीसगढ़ की गौरवशाली लोक संस्कृति (Folk Culture) की अग्रदूत स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्यमंत्री (Chief Minister) विष्णु देव साय (Vishnu Deo Sai) ने भी सदन में उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके अतुलनीय योगदान को नमन किया और कहा कि डॉ. तीजन बाई ने अपनी साधना से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को विश्वभर में नई पहचान दिलाई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई केवल एक महान लोक कलाकार नहीं थीं, बल्कि वे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक आत्मा की सशक्त स्वर थीं। उन्होंने पंडवानी गायन की कापालिक शैली को वैश्विक पहचान दिलाई और अपनी अद्भुत कला व समर्पण से राज्य की लोक परंपरा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिष्ठित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. तीजन बाई का निधन कला और सांस्कृतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। लोककला के संरक्षण और संवर्धन में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनकी जीवन यात्रा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।

विधानसभा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के अलावा संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित सभी सदस्यों ने स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।