दंतेवाड़ा में नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद, ₹16 लाख का सोना, हथियार और विस्फोटक जब्त, आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर कार्रवाई

By : hashtagu, Last Updated : July 13, 2026 | 3:00 pm

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान (Anti-Naxal Operation) के तहत पुलिस और सुरक्षा बलों (Security Forces) को बड़ी सफलता मिली है। हाल ही में आत्मसमर्पण (Surrender) कर मुख्यधारा में लौटे माओवादियों (Maoists) की निशानदेही पर थाना बारसूर क्षेत्र के ग्राम तोड़मा के जंगल-पहाड़ में चलाए गए सर्च अभियान (Search Operation) के दौरान नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद किया गया। कार्रवाई में करीब 16 लाख रुपये मूल्य का 116 ग्राम सोने का बिस्कुट, दो लाख रुपये नकद समेत कुल लगभग 18 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की। इनमें इंसास राइफल, एके-47 और एसएलआर की मैग्जीन व कारतूस, 12 बोर बंदूकें, बीजीएल लांचर, रिवाल्वर, टिफिन बम, पाइप बम, तीर बम, हैंड ग्रेनेड, मोर्टार, डेटोनेटर, जिलेटिन, कोडेक्स वायर और अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल है।

इसके अलावा नक्सलियों के उपयोग में आने वाली वर्दियां, कुकर, दवाइयां और बड़ी मात्रा में नक्सली साहित्य भी बरामद किया गया है। पुलिस का मानना है कि यह डंप लंबे समय से नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखा गया था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह पूरी कार्रवाई हाल ही में आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से मिली सटीक सूचना के आधार पर की गई। अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार की आत्मसमर्पण नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और मुख्यधारा में लौटे पूर्व माओवादी अब नक्सली नेटवर्क को कमजोर करने तथा सुरक्षा बलों की कार्रवाई में महत्वपूर्ण सहयोग दे रहे हैं।

पुलिस ने इस कार्रवाई को नक्सल उन्मूलन अभियान की बड़ी और महत्वपूर्ण सफलता बताते हुए कहा कि दंतेवाड़ा समेत बस्तर संभाग में नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है और भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।