जापान में तेज भूकंप के बाद सुनामी का खतरा, 3 मीटर ऊंची लहरों की चेतावनी से दहशत
By : hashtagu, Last Updated : April 20, 2026 | 8:41 pm
By : hashtagu, Last Updated : April 20, 2026 | 8:41 pm
टोक्यो/उत्तरी जापान तट: जापान (Japan) में आए शक्तिशाली भूकंप (earthquake) के बाद सुनामी (tsunami) का खतरा पैदा हो गया है। जापान मौसम एजेंसी ने 3 मीटर (3 metre waves) तक ऊंची लहरों की चेतावनी (warning) जारी की, जिससे तटीय इलाकों में दहशत फैल गई और लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए।
जानकारी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता करीब 7.5 से 7.7 के बीच दर्ज की गई और इसका केंद्र समुद्र के भीतर उत्तरी जापान के तट के पास था। झटके इतने तेज थे कि राजधानी टोक्यो तक महसूस किए गए।
भूकंप के बाद तटीय इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। कई शहरों में अलर्ट जारी किया गया, जबकि एहतियात के तौर पर बुलेट ट्रेन सेवाएं और सड़क यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया।
हालांकि बाद में आई सुनामी लहरें अनुमान से कम रहीं और करीब 80 सेंटीमीटर तक दर्ज की गईं। इसके बाद खतरे के स्तर को कम करते हुए चेतावनी को एडवाइजरी में बदल दिया गया। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
सरकार ने लोगों को सतर्क रहने और समुद्र किनारे से दूर रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों ने आने वाले समय में और झटकों की आशंका से इनकार नहीं किया है।
जापान दुनिया के सबसे संवेदनशील भूकंपीय क्षेत्रों में शामिल है, जहां अक्सर ऐसे भूकंप आते रहते हैं। यह घटना 2011 की विनाशकारी सुनामी की याद जरूर दिलाती है, हालांकि इस बार स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।